मध्य प्रदेश के भोपाल में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रशासन अब ई-रिक्शा पर सख्ती बरतने की तैयारी कर रहा है. शहर की सड़कों पर अनियमित रूप से चल रहे लगभग 11,000 ई-रिक्शा को जल्द ही हटाने की योजना बनाई जा रही है. इनमें से ज्यादातर बिना किसी वैलिड परमिट के ई रिक्शा चला रहे हैं. सड़क सुरक्षा समिति की ओर से तैयार किए गए शुरुआती प्रस्ताव के मुताबिक पहले चरण में VIP रोड, लिंक रोड नंबर 1 और 2, और होशंगाबाद रोड पर ई-रिक्शा के संचालन पर रोक लगाने की सिफारिश की गई है.
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, वर्तमान में ई-रिक्शा के संचालन के लिए कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश मौजूद नहीं हैं. परिवहन विभाग की ओर से इन्हें परमिट से छूट दी गई है, जिसके चलते ये वाहन बेधड़क किसी भी मार्ग पर दौड़ते हैं और कहीं भी खड़े हो जाते हैं. इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और जाम लग जाता है. पुलिस उपायुक्त (DCP) (यातायात) संजय कुमार सिंह ने कहा, “ई-रिक्शा की शुरुआत कॉलोनियों और सिटी बस स्टॉप्स के बीच कनेक्टिविटी के उद्देश्य से की गई थी. लेकिन अब ये मुख्य मार्गों पर ज्यादा नजर आते हैं, जिससे ट्रैफिक में अव्यवस्था फैल रही है.”
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad