फिर लाएंगे केजरीवाल… AAP ने दिल्ली विधानसभा चुनाव का जारी किया कैंपेन सॉन्ग

दिल्ली

राजधानी दिल्ली में फरवरी में होने जा रहे विधानसभा चुनाव का घमासान और तेज हो गया है. आम आदमी पार्टी और बीजेपी में कड़ा मुकाबला देखा जा रहा है. आज चुनाव आयोग दिल्ली में मतदान की तारीख का ऐलान भी करने वाला है लेकिन उससे पहले आम आदमी पार्टी ने अपना कैंपेन सॉन्ग लॉन्च कर दिया है. कैंपेन सॉन्ग की पहली पंक्ति है… फिर लाएंगे केजरीवाल. जनता के काम करता है बस अपना केजरीवाल, स्वास्थ्य. शिक्षा का ख्याल रखता है अपना केजरीवाल. इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जनता को संबोधित भी किया और सॉन्ग को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की.

कैंपेन सॉन्ग लॉन्चिंग के वक्त अरविंद केजरीवाल के अलावा सीएम आतिशी, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, गोपाल राय और सौरभ भारद्वाज भी उपस्थित थे. केजरीवाल ने कैंपेन सॉन्ग को स्पेशल बताया. जिसकी अन्य पंक्तियां इस प्रकार हैं- इनके रोके ये नहीं रुकता, चलता रहता है अपनी चाल, सामने वाले शोर मचाएं कर लें चाहें जितना बवाल. लेकिन दिल्ली की जनता के काम करता है… नाम बोलो सबको है पता… फिर लाएंगे केजरीवाल. दिल्ली की महिलाओं के सम्मान का ख्याल रखता है, अपना केजरीवाल.

देश में आप के सॉन्ग का रहता है इंतजार- केजरीवाल

इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने ये भी कहा कि दिल्ली का विधानसभा चुनाव एक प्रचार से उत्सव की तरह होता है. हम सभी खूब नाचते हैं, गाते हैं, झूमते हैं. उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनाव में राजधानी ही नहीं बल्कि देश भर को आम आदमी पार्टी के कैंपेन सॉन्ग का इंतजार रहता है. आज वो इंतजार खत्म हो गया है. केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी का ये तीसरा सॉन्ग है. एक 2015 में, दूसरा 2020 में और तीसरा अब 2025 में जारी किया जा रहा है. उन्होंने जनता से अपील की है कि इस सॉन्ग को शादियों में, बर्थ डे पार्टियों में खूब बजाएं.

आम लोगों के लिए गाना लॉन्च- सौरभ भारद्वाज

अरविंद केजरीवाल ने इस दौरान बीजेपी पर भी हमला बोला. वहीं दिल्ली सरकार में मंत्री और आप के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनावों में हमने 5 साल केजरीवाल कैंपेन सांग लॉन्च किया था, तब हमें अनुमान नहीं था कि शादियों में डीजे पर भी वह गाना खूब बजेगा. उम्मीद है कि फिर लाएंगे केजरीवाल गाना भी शादियों में डीजे पर धूम मचाएगा. उन्होंने कहा कि ये गाना ऐसा है जिस पर हर कोई थिरकना चाहेगा. यह आम लोगों के लिए लॉन्च किया गया है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry