गाजियाबाद के नाहल में बदमाशों की गोली से शहीद कांस्टेबल सौरभ देशवाल ने दबिश पर निकलने से पहले अपनी पत्नी को फोन किया था. कहा था कि अभी कहीं जा रहे हैं, लौटकर आते हैं तो साथ में खाना खाएंगे. घर में पत्नी उनका इंतजार कर रही थी. वह खुद तो नहीं आए, लेकिन थोड़ी ही देर बाद उनकी मौत की खबर आ गई. इस खबर के बाद से ही उनके घर में मातम का माहौल है. पत्नी आयुषी का रो-रोकर बुरा हाल है. उसे बार-बार दौरे पड़ रहे हैं.
घर वाले उसे समझाने की खूब कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वह हर किसी से यही सवाल कर रही है कि दो बच्चों के साथ यह पहाड़ जैसी जिंदगी अकेले कैसे काटेगी. शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में देव गांव के रहने वाले नोएडा पुलिस के कांस्टेबल सौरभ देशवाल पुलिस पार्टी के साथ रविवार की रात गाजियाबाद के नाहल गांव में दबिश देने गए थे. इस दौरान बदमाशों के साथ आमना सामना हुआ. जिसमें उन्हें गोली लग गई थी. इस घटना में गंभीर रूप से घायल सौरभ की इलाज के दौरान मौत हो गई.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad