संगरूर: पंजाब इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। दिन-ब-दिन बढ़ते तापमान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। राज्य के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सैल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ पशु-पक्षियों और किसानों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उत्तर भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून की धीमी सक्रियता के चलते पंजाब में गर्मी लंबे समय से बनी हुई है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है कि 13 जून की शाम से मौसम में बदलाव की संभावना है। विभाग के मुताबिक, आसमान में बादल छाने और तेज हवाओं के साथ बारिश की स्थिति बन सकती है। 14 जून को तेज हवाओं के साथ बारिश होने की पूरी संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
यैलो अलर्ट जारी अगले 2 दिन सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने पंजाब के अधिकांश हिस्सों में अगले 2 दिनों के लिए ‘हीट वेव’ को लेकर यैलो अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी खासतौर पर दोपहर 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच के समय को लेकर है, जब तापमान चरम पर होता है। विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों को इस दौरान घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग ने ‘लू’ से बचाव के लिए सुझाव जारी किए हैं; धूप में बाहर निकलते समय छाता या टोपी का प्रयोग करें, अधिक से अधिक पानी पिएं, हल्के और सूती कपड़े पहनें और दोपहर के समय भारी व्यायाम और मजदूरी से बचें।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad