अमृतसर: पंजाब में नीले कार्ड (राशन कार्ड) को लेकर एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। दरअसल, लाखों पंजाबियों के लिए खुशखबरी है क्योंकि जिन लोगों के नीले कार्ड काट दिए गए थे, अब वो फिर से एक्टिव हो गए हैं और लोग अब आसानी से राशन डिपुओं से राशन ले सकते हैं। इस बात की जानकारी आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दी।
अरविंद केजरीवाल ने उक्त ऐलान अमृतसर में मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ ‘जमाबंदी पोर्टल’ लॉन्च करते समय किया। उन्होंने कहा कि जब हमारी सरकार बनी, कुछ लोगों ने गड़बड़ करके लाखों नीले कार्ड कटवा दिए थे। लेकिन अब सभी नीले कार्ड दोबारा जोड़ दिए गए हैं। जिनके कार्ड जुड़े हैं, उनके घर सरकार की ओर से एक चिट्ठी भेजी जाएगी और उसके बाद वो राशन ले सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि किसी को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की ज़रूरत नहीं है। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में ‘ईज़ी जमाबंदी पोर्टल’ की शुरुआत किसी क्रांति से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि आम आदमी जब तहसीलदार या पटवारी के पास काम के लिए जाता है तो उसे बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, और कई बार पैसे देने के बावजूद काम नहीं होता। उन्होंने कहा कि आज हमने जो काम किया है, वो 75 साल पहले होना चाहिए था।
अब लोगों को रजिस्ट्री कराने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोग घर बैठे अपनी डीड खुद लिख सकेंगे। यह प्रक्रिया इतनी आसान हो गई है कि आम आदमी भी आसानी से घर से ही रजिस्ट्री करवा सकता है। पहले जिस काम के लिए महीनों लग जाते थे, अब सिर्फ 20 मिनट में रजिस्ट्री मिल जाएगी। इसके साथ केजरीवाल ने एक और बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि पंजाब में 19,000 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कें बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अब तक इतने बड़े पैमाने पर कभी सड़कों का निर्माण नहीं हुआ। सड़क की क्वालिटी भी बेहतरीन होगी और पहली बार ऐसा हुआ है कि ठेकेदार को 5 साल की गारंटी देनी होगी। अगर सड़क टूटती है या खराब होती है तो ठेकेदार को फ्री में रिपेयर करना पड़ेगा। इससे अब ठेकेदार भी बेहतर काम करेंगे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
