पन्ना। पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहंद्रा मार्ग के खमरिया मोड़ पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दशहरा पर्व पर खमरिया के लोग दुर्गा मां की प्रतिमा विसर्जन के लिए तालाब की ओर जुलूस लेकर जा रहे थे। इसी दौरान पवई से सिमरिया की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बोलेरो कार ने भीड़ को रौंद दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो पहले मोटरसाइकिल सवारों को टक्कर मारते हुए कुचली, इसके बाद अनियंत्रित होकर विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों पर चढ़ गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग और पुलिस तत्काल घायलों को पवई स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को कटनी और पन्ना रेफर किया गया।
जानकारी मिलते ही पवई विधायक प्रहलाद लोधी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और उन्होंने कटनी व पन्ना के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से बात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
इस बीच, पन्ना पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि बोलेरो चालक सिमरिया निवासी देवराज को गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसे में 2 लोगों की मौत हुई है और 12 लोग घायल हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
