गले में फंसे सिक्के को निकलवाने दिल्ली से छतरपुर आए परिजन, बगैर ऑपरेशन डॉक्टर ने बच्ची की बचाई जान

मध्य प्रदेश

छतरपुर।मध्य प्रदेश के छतरपुर के डॉ. मनोज चौधरी ने एक साढ़े 3 साल की बच्ची के गले में फंसे सिक्के को बिना ऑपरेशन के निकालकर उसकी जान बचा ली। खास बात यह है कि बच्ची के परिजन उसे दिल्ली में ऑपरेशन की सलाह के बाद निराश होकर छतरपुर लाए थे, जहां कुछ ही घंटों में डॉ. चौधरी ने बच्ची को स्वस्थ कर दिया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक दिव्यांशी रजक उम्र साढ़े 3 वर्ष के पिता अनादि रजक निवासी बुड़ेरा गांव जिला टीकमगढ़, दिल्ली में मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि 5 दिन पहले दिव्यांशी के गले में 5 रुपये का सिक्का फंस गया था। दिल्ली के एक अस्पताल में चिकित्सकों ने बिना गारंटी के ऑपरेशन की सलाह दी। एक परिचित प्रेमनारायण ने छतरपुर के डॉ. मनोज चौधरी का जिक्र किया।

रविवार सुबह परिजन बच्ची को लेकर छतरपुर पहुंचे और डॉ. चौधरी से संपर्क किया। कुछ घंटों में ही डॉ. चौधरी ने बिना ऑपरेशन के सिक्का निकाल लिया। बच्ची अब पूरी तरह स्वस्थ है। डॉ. मनोज चौधरी ने बताया कि बच्ची को दिल्ली में ऑपरेशन की सलाह दी गई थी, लेकिन रिश्तेदारों की सलाह पर परिजन छतरपुर आए। सिक्का आहार नाल में फंसा था, जिसके कारण बच्ची केवल लिक्विड डाइट पर थी। लंबे समय तक सिक्का फंसे रहने से घाव का खतरा था। सावधानीपूर्वक प्रक्रिया से सिक्का निकाला गया। परिजनों ने डॉ. चौधरी का हृदय से आभार व्यक्त किया।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry