पूर्व सांसद का ऐसा सम्मान! संगम लाल गुप्ता को BJP नेताओं ने थमाया जूते वाला बुके, अब 5 को कारण बताओ नोटिस

उत्तर प्रदेश

कानपुर में बीजेपी जिलाध्यक्ष के नामांकन के दौरान कुछ बीजेपी के नेताओं ने चुनाव अधिकारी पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता को जूते का बुके दे दिया था. इसके अलावा जमकर नारेबाजी और हंगामा भी किया था. पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ और अनुशासित कही जाने वाली भारतीय जनता पार्टी की प्रतिष्ठा पर धब्बा भी लगा. इस घटना का संज्ञान लेते हुए प्रदेश भाजपा ने पांच नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है.

बीते रविवार को नामांकन के दौरान उस समय बवाल खड़ा हो गया, जब कुछ नेताओं ने चुनाव अधिकारी प्रतापगढ़ जिले के पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता को जूते का बुके भेंट कर दिया. चुनाव अधिकारी ने पहले तो बुके ले लिया, फिर जब देखा तो उसको अलग रख दिया. इस दौरान जूते का बुके इधर से उधर फेंका भी गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस बात को लेकर बीजेपी की काफी किरकिरी भी हुई थी. अब बीजेपी के प्रदेश महामंत्री की तरफ से पांचों नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.

क्या लिखा है नोटिस में?

अब हम आपको बताते हैं कि नोटिस में क्या लिखा है?… “दिनांक 12/01/2025 को संगठन चुनाव नामांकन प्रक्रिया के दौरान आप सभी द्वारा चुनाव अधिकारी संगम लाल गुप्ता के साथ पार्टी के विचारों के विपरीत अमर्यादित आचरण की जानकारी सोशल मीडिया/मीडिया आदि के माध्यम से प्राप्त हुई है. आप सभी द्वारा किया गया कृत्य अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है.”

“इस घटित घटना का संज्ञान लेते हुए सम्मयक विचारोपरान्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के निर्देशानुसार आपको कारण बताओ नोटिस जारी किया जाता है. अतः आप अपना स्पष्टीकरण सात दिन के अंदर बीजेपी प्रदेश कार्यालय को उपलब्ध कराने का कष्ट करें. समय से स्पष्टीकरण एवं संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने पर आप सभी पर पार्टी द्वारा कार्रवाई की जाएगी.”

जिले के किन बीजेपी नेताओं को दिया गया नोटिस?

यह नोटिस प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल की तरफ से जारी किया गया है और सात दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है. जिन नेताओं को नोटिस जारी किया गया है, उनके नाम हैं चंद्रकांत द्विवेदी, अमित पांडे, विकास साहू, ज्योति बाल्मीकि और रीना साहू.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry