रांची: जिले के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में शनिवार को नितेश पांडेय नाम के एक युवक ने अपनी बारात निकलने से पहले सुसाइड कर लिया. नितेश के परिजनों ने इसके लिए पुलिस और एक युवती को जिम्मेदार ठहराया है. रांची एसएसपी ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
क्या है पूरा मामला
रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के किशोरगंज रोड नंबर 5 में शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गई. बारात निकलने से पहले दूल्हे की आत्महत्या से पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया. दरअसल, नितेश पांडेय नामक युवक जो रेलवे में कार्यरत था, उसकी शनिवार को शादी थी, लेकिन इससे पहले ही किशोरगंज से रोड नंबर 05 स्थित नितेश पांडेय ने अपने ही कमरे में आत्महत्या कर ली. नितेश के आत्महत्या को लेकर परिजनों ने सुखदेव नगर पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है. परिजनों में पुलिस को लेकर आक्रोश है. परिजनों ने आत्महत्या की वजह पुलिस प्रताड़ना बताया है.
यौन शोषण का आरोप और फिर पुलिस ने किया परेशान
नितेश के भाई नीरज पांडेय ने बताया कि 26 नवंबर को उसका तिलक था. इसी बीच प्रियंका नाम की एक लड़की ने उस पर यौन शोषण का आरोप लगाकर केस कर दिया. थाना से बिना किसी जांच के नितेश को हिरासत में ले लिया गया. इसके बाद उसे छोड़ने के लिए वरीय पुलिस अधिकारियो को मैनेज करने के नाम पर दस लाख रुपये भी वसूले गए.
भाई नीरज पांडेय ने बताया कि थाने के मुंशी परशुराम कभी एक लाख तो कभी दो लाख की मांग करता था. कभी सिटी, एसपी तो कभी कोतवाली डीएसपी के नाम पर पैसे की मांग की जाती थी. थाने से छोड़ने के बावजूद आरोप लगाने वाली लड़की उसे बहुत परेशान कर रही थी, जिसकी वजह से उसने आत्महत्या कर ली.
रात 12 बजे शव उठा
पुलिस पर लगे गंभीर आरोपों के बाद एसएसपी रांची ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं. नितेश की मौत को लेकर सुखदेव नगर में शनिवार की देर रात तक हंगामा होता रहा. परिजनों और मोहल्ले वालों का आक्रोश पुलिस के प्रति बहुत ज्यादा था. रविवार को अब नितेश का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड के द्वारा किया जाएगा.
जांच के आदेश
रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन ने बताया कि मामले में अगर किसी भी पुलिस वाले की भूमिका पाई जाएगी तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. परिजनों के द्वारा जो भी आरोप लगाए गए हैं, उस पर गहनता से जांच की जा रही है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad