गुमला: जिले के धनगांव में कथित तौर पर डायन बिसाही के आरोप में एक 45 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई. शुक्रवार शाम पुलिस ने लापता मांगी देवी का शव करम टोंगरी पहाड़ से बरामद किया. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए शव सदर अस्पताल भेज दिया गया.
मिली जानकारी के अनुसार, मांगी देवी 24 मार्च से लापता थीं. उनके पति जोगी खड़िया और अन्य परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला. शुक्रवार शाम करीब पांच बजे मांगी देवी के पुत्र विकास खड़िया ने करम टोंगरी के पास अपनी मां का शव देखा. इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोग लंबे समय से मांगी देवी पर डायन बिसाही (टोना-टोटका) का आरोप लगा रहे थे. उनका मानना है कि इसी अंधविश्वास के कारण उनकी हत्या की गई. परिजनों के अनुसार, हत्यारों ने पहले मांगी देवी के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, फिर कपड़े से उनका गला घोंटकर जान ले ली. सबूत मिटाने के लिए शव को पहाड़ से नीचे फेंक दिया गया था.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है. एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि महिला का शव टोंगरी से बरामद किया गया है. मामले में छानबीन की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का खुलासा हो सकेगा.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
