धमतरी: बुजुर्गों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार ने महात्मा गांधी वार्ड में सियान गुड़ी डे केयर सेंटर का शुभारंभ किया है. सियान गुड़ी डे केयर सेंटर की स्थापना शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा की गई है. इस सेंटर का उद्देश्य बुजुर्ग लोगों को सुरक्षा के साथ एक मंच देना है, जहां वो दिन के वक्त सुरक्षित तरीके से अपना समय बिता सकें. इसके साथ ही वो हेल्थ को लेकर जागरुक भी रहें.
सियान गुड़ी डे केयर सेंटर का लोकार्पण
शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की नींव हैं. बुजुर्गों अपने आने वाली पीढ़ियों को अपने अनुभव और सामाजिक संस्कार देते हैं. समाज में उनको पूरी सुरक्षा और सम्मान मिले इसके लिए हमने ये शुरूआत की है. सांसद ने कहा कि बुजुर्गों को अकेलेपन से बचाना हमारा दायित्व है.
सांसद भोजराज नाग ने कहा कि बुजुर्ग अपना पूरा जीवन हमारी बेहतरी के लिए गुजार देते हैं. उनके लिए हमें भी आगे आकर काम करना होगा. सांसद भोजराज नाग ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा करना हमारा कर्तव्य है.
‘सियान गुड़ी’ केंद्र में मिलने वाली सुविधाएं
- फिजियोथेरेपी कक्ष
- मनोरंजन कक्ष
- भोजन कक्ष
- परामर्श कक्ष
- गेम जोन
- ज्ञान कक्ष
- विश्राम कक्ष एवं डिजिटल लर्निंग कक्ष
- विशेषज्ञ परामर्श की व्यवस्था
- खेलकूद गतिविधियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम
पौष्टिक और संतुलित भोजन की यहां व्यवस्था
सियान गुड़ी केंद्र में वरिष्ठ नागरिकों के लिए पौष्टिक एवं संतुलित भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जिससे उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जा सके. इसके अलावा यहां एक सुरक्षित, स्वच्छ और सहज वातावरण उपलब्ध कराया गया है, जहां वे दिनभर आराम, संवाद और मनोरंजन के साथ अपना समय बिता सकते हैं. ‘सियान गुड़ी’ डे-केयर सेंटर केवल एक सुविधा केंद्र नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए संवाद, सहयोग और सम्मान का एक सशक्त मंच बनकर उभर रहा है.
यह पहल जिले में बुजुर्गों के जीवन स्तर को सुधारने के साथ-साथ समाज में उनके प्रति सकारात्मक नजरिए को भी मजबूत करेगी. आने वाले समय में इस प्रकार के और केंद्र स्थापित किए जाने की बात कही जा रही है, जिससे अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिक इस पहल का लाभ उठा सकें.
क्या है ‘सियान गुड़ी’
राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई ‘सियान गुड़ी’ विशेष पहल है, जिसका मकसद बुजुर्गों को घर जैसा सुरक्षित माहौल, देखभाल और सामाजिक जुड़ाव देना है. ‘सियान’ का अर्थ छत्तीसगढ़ी में बुजुर्ग और ‘गुड़ी’ का अर्थ घर है. यह वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक डे-केयर सेंटर या आश्रम की तरह कार्य करता है, जहां वे मिल-जुलकर रह सकते हैं.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
