जनजातीय गौरव दिवस: बिलासपुर में 329 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, CM ने किए कई बड़े ऐलान

छत्तीसगढ़

बिलासपुर: छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को बिलासपुर दौरे पर रहे. यहां पुलिस परेड ग्राउंड में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में वे शामिल हुए. सीएम साय ने 329 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इसके साथ ही बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने का भी ऐलान किया.

बिरसा मुंडा के बलिदान को किया याद: CM साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास सदैव शौर्य, बलिदान और गौरव से भरा रहा है. मुगल शासन से लेकर अंग्रेजी हुकूमत तक, देश की स्वतंत्रता की लड़ाई में जनजातीय समाज के वीरों ने जो योगदान दिया, वह अनुपम है, लेकिन इतिहास के पन्नों में उन्हें वह स्थान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे.

प्रधानमंत्री ने सुधारी ऐतिहासिक भूल: CM ने कहा कि, देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उस ऐतिहासिक भूल को सुधारा और जनजातीय समाज के सम्मान, उत्थान और विकास के लिए बड़े स्तर पर कार्य किए. वे स्वयं भगवान बिरसा मुंडा की कर्मभूमि गए और समाज की प्रगति के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया.

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने जबलपुर में रानी दुर्गावती संग्रहालय और रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह ट्राइबल म्यूजियम का उद्घाटन कर देशभर के जनजातीय योद्धाओं के योगदान को सम्मानित किया है. यह संग्रहालय डिजिटल स्वरूप में भी उपलब्ध है, जिससे नई पीढ़ी अपने इतिहास से परिचित हो सके.

जनजातीय विकास के लिए विशेष बजट: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी ने ही झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया. इससे जनजातीय समाज को नई पहचान मिली. उन्होंने आदिम जाति मंत्रालय बनाकर जनजातीय विकास के लिए विशेष बजट प्रावधान किए.

आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आदिवासी महिला का होना गर्व की बात है. साथ ही छत्तीसगढ़ में भी आदिवासी समाज का बेटा मुख्यमंत्री के रूप में सेवा कर रहा है- विष्णुदेव साय, सीएम

मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण घोषणा

  • बिलासपुर में भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी
  • शहर के एक प्रमुख चौक का नामकरण भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर किया जाएगा
  • लाल खदान ओवरब्रिज का नामकरण शहीद वीर नारायण सिंह ओवरब्रिज के रूप में किया जाएगा
  • जनजातीय बालक-बालिकाओं के लिए 300-200 सीटर अत्याधुनिक पोस्ट मैट्रिक छात्रावास खोले जाएंगे
  • कोटा ब्लॉक में जनजातीय समाज के लिए सुसज्जित सामुदायिक भवन का निर्माण किया जायेगा

जनजातीय विकास से जुड़े काम गिनाए: मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के माध्यम से लगभग 80 हजार करोड़ रुपए से अधिक राशि का प्रावधान किया गया. इससे 6600 से भी अधिक गांवों में विकास के कार्य किए जा रहे हैं. इसके साथ ही विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए पीएम जनमन योजना शुरू की गई है, जिसके तहत सड़क, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है. इन योजनाओं के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम स्थान पर है. इस उपलब्धि के लिए राज्य को राष्ट्रपति महोदया से सम्मान भी मिला है.

बिलासपुर को भी मिले कई विकास कार्य: मुख्यमंत्री ने बिलासपुर जिले में 329 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि आज का दिन सौभाग्य और सम्मान का दिन है, जब बिलासपुर को 329 करोड़ रूपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है. उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे, और जनजातीय समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है. उपमुख्यमंत्री ने ट्राइबल म्यूजियम की विशेषता बताते हुए सभी को इसे देखने की अपील की.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry