मध्य प्रदेश में हड्डियों को गलाने वाली ठंड, कांप जाएंगे ये जिले, खजुराहो सबसे ठंडा

मध्य प्रदेश

भोपाल: मध्य प्रदेश में उत्तरी हवाओं और जेट स्टीम की वजह से कड़ाके की ठंड का दौर जारी है. सबसे अधिक ठंड इस समय ग्वालियर-चंबल और विंध्य के इलाकों में पड़ रही है. बुंदेलखंड का खजुराहो भी दिन और रात में शीत लहर की चपेट में है. बीती रात प्रदेश में सबसे न्यूनतम तापमान खजुराहो का 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि गुरुवार दिन में यहां सीवियर कोल्ड डे रहा. खजुराहो में गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान औसत से साढ़े 8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ.

विंध्य और चंबल में रात के साथ दिन भी ठंडे

बीती रात खजुराहो के अलावा दतिया, टीकमगढ़, श्योपुर कला और शिवपुरी में भी कोल्ड वेव का असर रहा. यहां का न्यूनतम तापमान औसत से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया. इसी प्रकार गुरुवार दिन में सबसे अधिकतम तापमान दतिया में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जो औसत से करीब साढ़े 10 डिग्री सेल्सियस तक कम था. गुरुवार दिन में खजुराहो के साथ नौगांव, निवाड़ी, दतिया और ग्वलियर में सीवियर कोल्ड डे रहा. जबकि शुक्रवार सुबह ग्वालियर में घना कोहरा देखने को मिला. यहां सुबह के समय दृश्यता 0 से 50 मीटर रही. जबकि खजुराहो और दतिया में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया.

28 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे

गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात भोपाल, इंदौर और ग्वलियर समेत 28 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. बीती रात सबसे कम तापमान खजुराहो में 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि धार में 3.9, दतिया में 3.9 डिग्री और शिवपुरी में 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इन जिलों का न्यूनतम तापमान औसत से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा. वहीं राजगढ़ में 5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 5 डिग्री, पचमढ़ी में 5.8 डिग्री सेल्सियस, रीवा में 6 डिग्री सेल्सियस, भोपाल में 8 डिग्री, इंदौर में 9.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.

आज भी इन जिलों में दिन में पड़ेगी कड़ाके की ठंड

मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार दिन को भी ग्वलियर-चंबल और विंध्य के जिलों में दिन में कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है. ऐसे में इन जिलों में शीतलहर देखने को मिल सकती है. इन जिलों में मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना और पन्ना में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है. जबकि रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, श्योपुर, शिवपुरी, मुरैना, ग्वलियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना और पन्ना जिलों में शनिवार सुबह घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

मध्य प्रदेश में इसलिए पड़ रही कड़ाके की ठंड

मौसम वैज्ञानिक दिव्या ई सुरेंद्रन ने बताया कि “वर्तमान में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस अपर साइक्लोन सकुर्लेशन के रुप में समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर उत्तर पंजाब और इसके आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है. वहीं उत्तर भारत के उपर समुद्र तल से करीब 12.6 किलोमीटर की उंचाई पर 260 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं. सिस्टम में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और जेट स्ट्रीम हवाओं की वजह से मध्य प्रदेश के शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है. हालांकि अभी प्रदेश का मौसम साफ है. कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry