रांची: झारखंड में सुबह के वक्त धुंध और कोहरा के बाद आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया है. लिहाजा, धूप गुम हो गई है. इसका कारण है मध्य वायुमंडल में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस. ऐसे में न्यूनतम तापमान में इजाफा के बावजूद सर्दी का एहसास हो रहा है. 1 दिसंबर को सुबह 10 बजे तक की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के सभी जिलों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड हुआ है. पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक का इजाफा हुआ है.
कैसे रहेगा आने वाले दिनों में मौसम
मौसम केंद्र, रांची की रिपोर्ट के मुताबिक अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस का इजाफा होगा. साथ ही 2 दिसंबर तक सुबह के वक्त कोहरा और धुंध के अलावा आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे. लेकिन 3 दिसंबर से बादल छंट जाएंगे. हालांकि तब भी सुबह के वक्त धुंध और कोहरा से सामना होगा. खास बात है कि 2 दिसंबर से 5 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज होगी. उस दौरान ज्यादातर जिलों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे जाने की संभावना है जिसकी वजह से कड़ाके की ठंड से सामना होगा.
सभी जिलों में न्यूनतम पारा चढ़ा
मौसम केंद्र, रांची की रिपोर्ट के मुताबिक गुमला में सबसे कम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है. प्रमुख शहरों की बात करें तो रांची का न्यूनतम तापमान 13.4, जमशेदपुर का 13.8, बोकारो का 13.6, डाल्टनगंज का 11.5 और धनबाद का 14 डिग्री सेल्सियस रहा है.
सभी जिलों में अधिकतम पारा में भी उछाल
मौसम केंद्र के मुताबिक चाईबासा में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा है. इसके अलावा पाकुड़ में 29.5, गोड्डा में 29.1, जमशेदपुर में 28.4, देवघर में 28.1, डाल्टनगंज में 27.4 डिग्री रहा है. जबकि रांची का अधिकतम तापमान 25.8 और बोकारो का 26.1 डिग्री दर्ज हुआ है. इसके बावजूद धूप नहीं निकले की वजह से दिन में भी सर्दी का एहसास हो रहा है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
