चंडीगढ़/पंजाब: पंजाब में बिजली कर्मचारी अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर लगातार हड़ताल पर हैं। इस कारण प्रदेश के कई हिस्सों और रिहायशी इलाकों में भीषण गर्मी के बीच घंटों लंबे-लंबे पावर कट (बिजली कटौती) लग रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, आम जनता की बिजली संबंधी शिकायतों का भी कोई समाधान नहीं हो पा रहा है।
इसी बीच बड़ी खबर सामने आई है कि बीती रात पंजाब के बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद और हड़ताल पर गए बिजली कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के बीच करीब 6 घंटे तक मैराथन बैठक हुई, लेकिन यह बैठक पूरी तरह बेनतीजा रही। कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी जायज मांगें पूरी नहीं की जातीं और इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं कर दिया जाता, तब तक वे अपनी हड़ताल वापस नहीं लेंगे।
मीटिंग के बाद कर्मचारी नेताओं ने कहा कि पहले भी कई बार खोखले आश्वासनों के आधार पर उनकी हड़तालें खत्म करवा दी गई थीं, लेकिन मांगें आज तक पूरी नहीं की गईं। इसी वजह से वे इस बार पीछे नहीं हटने वाले हैं।
⚡ हड़ताल का आज 6ठा दिन, लंबे-लंबे पावर कटों से पीने के पानी का संकट गहराया; जनता बेहाल
आपको बता दें कि पंजाब में बीते करीब 5 दिनों से बिजली कर्मचारी हड़ताल पर डटे हुए हैं और आज उनकी हड़ताल का लगातार 6ठा दिन है। इस अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते बिजली विभाग का कामकाज ठप होने के साथ-साथ आम जनता को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राज्य के कई इलाकों में लगातार कई घंटों के लंबे पावर कट लगाए जा रहे हैं, जिसके कारण लोगों को पीने के साफ पानी की भारी किल्लत झेलनी पड़ रही है। घंटों बिजली गुल रहने के चलते घरों और दुकानों में लगे इन्वर्टर तथा जनरेटर भी पूरी तरह जवाब दे चुके हैं और आम नागरिक इस प्रचंड गर्मी में रहने को मजबूर हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad