सीधी : गांवों का दौरा कर कलेक्टर विकास मिश्रा ग्रामीणों का दिल जीत रहे हैं. मझौली जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम नेबूहा में आयोजित जन समस्या समाधान शिविर में कलेक्टर विकास मिश्रा ने ग्रामीणों की समस्या का निवारण मौके पर किया. इस दौरान गांव की महिलाओं से कलेक्टर ने काफी देर तक चर्चा की. शिविर में कलेक्टर ने एक महिला से कहा “मैं अधिकारी नहीं हूं, आपका नौकर हूं, मालिक आप लोग हैं.”. ये सुनकर ग्रामीण अवाक रह गए.
गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर जांच के आदेश
शनिवार शाम करीब 4 बजे हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में आयोजित शिविर में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे. इसी दौरान ग्राम पंचायत की पंच ललिता सेन ने सरपंच बसंती कोल के खिलाफ खुलकर शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत में न तो नियमित ग्राम सभाएं होती हैं और न ही बैठकों का आयोजन किया जाता है.
उन्होंने सरपंच और सचिव पर मनमाने ढंग से कार्य करने और पंचायत की राशि के आहरण में गड़बड़ी के आरोप भी लगाए. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा ने मौके पर ही जांच कराने का आश्वासन दिया.
सरपंच व पंच के बीच विवाद खत्म कराया
वहीं, सरपंच बसंती कोल ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया. उन्होंने कहा कि वह नियमित रूप से पंचायत में उपस्थित रहती हैं और सभी कार्य पारदर्शिता के साथ किए जाते हैं. इस स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से संभालते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा ने दोनों पक्षों के बीच मौके पर ही सुलह कराई.कलेक्टर विकास मिश्रा ने महिला पंच और सरपंच से हाथ मिलवाते हुए कहा “आपसी मतभेद भुलाकर गांव के विकास के लिए मिलकर काम करना ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है.” कलेक्टर के इस मानवीय और सरल व्यवहार की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है, और लोग इसे प्रशासन की सकारात्मक पहल के रूप में देख रहे हैं.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
