जमशेदपुरः टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदर सिंह बागान क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
इधर शव मिलने की जानकारी मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की गला रेतकर हत्या की गई है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को टेल्को थाना क्षेत्र में लाकर फेंका गया है.
दरअसल क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने युवक के शव को देखा और तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी थी. पुलिस को घटना स्थल से खून के निशान, संघर्ष के संकेत या कोई अन्य आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिले हैं.
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. युवक कहां का रहने वाला है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया है.
‘इस मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. आशंका है कि वारदात कहीं और अंजाम दिया गया है. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. युवक कहां का रहने वाला है, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.’ प्रशांत कुमार, टेल्को थाना प्रभारी
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
