गुरदासपुर: गुरदासपुर–श्री हरगोबिंदपुर मार्ग पर बेलगाम और ओवरलोड टिप्परों के कारण हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। गांव नैनेंकोट के पास आईटीआई के नजदीक एक दर्दनाक हादसे में ओवरलोड टिप्पर ने मोटरसाइकिल सवार पिता-बेटी को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि टिप्पर लड़की के पैर के ऊपर से गुजर गया। इस दुर्घटना में पिता बलजीत सिंह को मामूली चोटें आईं, जबकि बेटी कोमलप्रीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पहले बटाला के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर अमृतसर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, पैर बुरी तरह कुचल जाने के कारण उसे काटना पड़ा। परिजनों और क्षेत्र के लोगों ने आरोप लगाया कि टिप्पर अत्यधिक ओवरलोड था और तेज व लापरवाही से चलाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि इस हादसे से कोमलप्रीत का भविष्य प्रभावित हुआ है और परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है।
लोगों ने टिप्पर चालक और संबंधित कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की तथा ओवरलोड वाहनों पर तुरंत रोक लगाने की अपील की। इस संबंध में थाना काहनूवान के प्रभारी गुरनाम सिंह ने बताया कि पुलिस ने टिप्पर को कब्जे में ले लिया है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
