Ranchi Special Trains: परीक्षार्थियों की वापसी के लिए राँची से स्पेशल ट्रेनों का एलान, यात्रियों को मिली बड़ी राहत

झारखण्ड

रांची: झारखंड पात्रता परीक्षा (JET) 2026 को लेकर रेलवे ने यात्रियों और परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था की है. परीक्षा के बाद बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए 26 अप्रैल को रांची से दो परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अभ्यर्थियों को घर लौटने में किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें समय पर सुगम यात्रा मिल सके.

परीक्षार्थियों के लिए अतिरिक्त ट्रेन

पहली ट्रेन रांची दुमका परीक्षा स्पेशल है, जो दोपहर 2:45 बजे रांची से खुलेगी. यह ट्रेन मुरी (3:53 बजे), बोकारो स्टील सिटी (4:40 बजे), चंद्रपुरा (5:23 बजे), कतरासगढ़ (5:50 बजे) और धनबाद (6:25 बजे) जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. इसके बाद यह कुमारधुबी (7:15 बजे), चित्तरंजन (7:40 बजे), मधुपुर (8:20 बजे) और जसीडीह (9:15 बजे) होते हुए देवघर (9:50 बजे) पहुंचेगी. आगे बासुकीनाथ (10:30 बजे) रुकते हुए यह ट्रेन रात 11:55 बजे दुमका पहुंचेगी. संथाल परगना क्षेत्र के परीक्षार्थियों के लिए यह ट्रेन काफी राहत देने वाली है.

दूसरी ट्रेन रांची-पंडित दीनदयाल उपाध्याय परीक्षा स्पेशल है, जो दोपहर 3:00 बजे रांची से प्रस्थान करेगी. यह ट्रेन लोहरदगा (4:00 बजे), टोरी (5:00 बजे), लातेहार (5:30 बजे) और बरवाडीह (6:15 बजे) होते हुए डालटनगंज (6:50 बजे) पहुंचेगी.

ट्रेनों का टाइम टेबल

इसके बाद गढ़वा रोड (रात 8:00 बजे), ऊंटारी रोड (8:35 बजे) और जपला (9:20 बजे) जैसे स्टेशनों पर रुकते हुए यह आगे बढ़ेगी. नबी नगर रोड (9:58 बजे), डेहरी ऑन सोन (11:30 बजे) और सासाराम (11:50 बजे) के बाद यह ट्रेन भभुआ रोड (रात 12:35 बजे) पहुंचेगी और अंत में रात 1:55 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन पहुंचेगी.

परीक्षार्थियों को सहूलियत

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, JET परीक्षा के कारण ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ की संभावना को देखते हुए यह विशेष पहल की गई है. इससे न केवल परीक्षार्थियों को सहूलियत मिलेगी, बल्कि नियमित ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा.

परीक्षार्थियों से अनुशासन बनाए रखने की अपील

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने निर्धारित समय का ध्यान रखें और स्टेशन पर समय से पहले पहुंचे. इसके साथ ही यात्रा के दौरान सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करें. रेलवे की यह पहल परीक्षा के बाद यात्रा को आसान और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry