Palamu News: लोकसभा में गूंजा चियांकी हवाई अड्डे का मुद्दा, सांसद वीडी राम ने उड्डयन मंत्रालय से किया आग्रह

झारखण्ड

पलामूः चियांकी हवाई अड्डा का मामला एक बार फिर से लोकसभा में उठा है. पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम चियांकी हवाई अड्डा से उड़ान शुरू होने को लेकर गंभीर हैं और लगातार लोकसभा में मामले को उठा रहे हैं और कई स्तर पर मुलाकात भी कर रहे है. शुक्रवार को लोकसभा के शून्यकाल के दौरान पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने केंद्र सरकार के क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान के तहत चियांकी हवाई अड्डे के मामले को उठाया है.

लोकसभा में पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि उड़ान योजना के माध्यम से देश के दूरस्थ और अविकसित क्षेत्र को हवाई सुविधा तथा संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण है. पलामू के चियांकी हवाई अड्डा से उड़ान शुरू होना बेहद ही जरूरी है. उड़ान शुरू होने से स्थानीय स्तर पर आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.

सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि उड़ान की प्रक्रिया को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार द्वारा एक विशेष प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाना है, जिसे अब तक प्रस्तुत नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारत सरकार से अनुरोध करते हैं कि यह स्पष्ट किया जाए की मंत्रालय को किस प्रकार के प्रस्ताव की जरूरत है और उसमें कौन-कौन से विवरण जरूरी हैं. सांसद ने मंत्रालय से पत्र की कॉपी उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है, ताकि वे मामले में मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारियों से बात कर सकें.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry