पलामूः झारखंड की राजधानी रांची से उत्तर प्रदेश के वाराणसी कॉरिडोर को जोड़ने वाली नेशनल हाइवे 39 का मामला लोकसभा में उठाया गया. पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने लोकसभा में नियम 377 के तहत नेशनल हाइवे 39 पर पलामू के कई इलाकों में फ्लाईओवर बनाने की मांग को लेकर अपनी बात को रखा है.
दोनों जगह पर दुर्घटना की आशंका
भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत नेशनल हाइवे 39 पर चार लेन का काम चल रहा है. इस सिलसिले में, पलामू में भोगू से शंखा तक और मेदिनीनगर में पोखराहा और जोड़ में भयंकर ब्लैक स्पॉट की पहचान की गई है. पोखराहा में नेशनल हाइवे के बीच से डालटनगंज पांकी रोड जबकि जोड़ में डाल्टनगंज पाटन रोड गुजर रही है. दोनों जगह पर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है.
चार लेन बाइपास बन रहा है
लोकसभा में बोलते हुए, पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत रांची-वाराणसी कॉरिडोर के लिए नेशनल हाइवे 39 पर चार लेन का बाइपास बन रहा है.
यह परियोजना राष्ट्रीय महत्व के साथ-साथ पलामू एवं आसपास के इलाकों में आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है. दो जगह पर ब्लैक स्पॉट चिन्हित हुए हैं और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है.
कई गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं
भारी वाहनों, दोपहिया, स्कूली वाहनों एवं स्थानीय आवागमन के कारण दोनों जगह पर भीड़ रहती है. वर्तमान में बनाई गई क्रॉसिंग असुरक्षित है, हाल के दिनों में कई गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. लोकसभा में बोलते हुए पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने दोनों ब्लैक स्पॉट पर अविलंब फ्लाईओवर बनाने की स्वीकृति देने की मांग की है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
