मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैरान करने वाली बात यह है कि युवती के शव को कथित तौर पर मिट्टी में दफनाकर उसके ऊपर आम का एक पौधा रोप दिया गया था। जमीन की खुदाई करने के बाद पुलिस ने शव के अवशेष बरामद कर लिए हैं। इस मामले में ऑनर किलिंग (Horror Killing) की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मृतका की मां का दावा है कि प्रेम प्रसंग की बात सार्वजनिक होने से आहत होकर बेटी ने खुद आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने इस मामले में मां, बहन और दो युवकों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका औराई प्रखंड के रामपुर स्थित एक निजी स्कूल में अध्यापिका के रूप में पढ़ाती थी। इसी दौरान स्कूल के ही एक शिक्षक के साथ उसके प्रेम संबंध होने की चर्चा सामने आई थी। युवती की मां के अनुसार, जब यह प्रेम प्रसंग सार्वजनिक हुआ तो बेटी मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी और इसी तनाव के चलते उसने करीब डेढ़ महीने पहले आत्महत्या कर ली थी। मां का यह भी दावा है कि इसके बाद परिजनों ने डर या अन्य कारणों से शव को गाँव के ही एक आम के बगीचे में द अपना दिया और पहचान छिपाने के लिए उसके ऊपर आम का पौधा लगा दिया।
🔍 ग्रामीणों की चर्चाओं से खुला राज, 10 घंटे चली खुदाई
गाँव के लोगों के बीच युवती के पिछले एक महीने से अचानक लापता होने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएँ चल रही थीं। कुछ लोगों का कहना था कि वह घर से कहीं चली गई है, जबकि कुछ को अंदेशा था कि उसकी हत्या कर शव को गायब कर दिया गया है। इसी बीच भनक लगते ही पुलिस सक्रिय हो गई। बताया जाता है कि जब युवती की मां गाँव छोड़कर भागने की फिराक में थी, तब पुलिस ने ईदगाह चौक के पास एक वाहन से उसे दबोच लिया। उससे हुई कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस अन्य संदिग्धों तक पहुँची।
-
पानी निकालकर की गई खुदाई: मां की निशानदेही पर पुलिस टीम जब डुमरी गाँव स्थित बगीचे में पहुँची, तो जिस स्थान पर शव दफनाने की बात कही गई थी, वहाँ भारी बारिश और बाढ़ का पानी भरा हुआ था। स्थिति को देखते हुए पंपसेट की मदद से पहले सारा पानी बाहर निकाला गया।
-
10 घंटे की मशक्कत: स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने करीब 8 से 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जमीन की खुदाई कर आखिरकार शव के अवशेष बरामद कर लिए। मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया और अवशेषों को सुरक्षित जाँच के लिए भेज दिया गया।
👮 एसडीपीओ पूर्वी के नेतृत्व में जारी है जांच
इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जाँच का जिम्मा एसडीपीओ पूर्वी अलय वत्स को सौंपा गया है, जबकि जजुआर थानाध्यक्ष रोशन कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर त्वरित कार्रवाई की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जाँच के आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या थी या आत्महत्या। फिलहाल हिरासत में लिए गए परिजनों और युवकों से पूछताछ की जा रही है, और जाँच पूरी होने के बाद ही इस दर्दनाक राज से पूरी तरह पर्दा उठेगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad