Mumbai Mankhurd Building Collapse: मानखुर्द में 3 मंजिला इमारत ढही, 5 बच्चों और महिला की मौत

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के मानखुर्द इलाके में शनिवार को हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। जनता नगर की पांचवीं गली में स्थित ग्राउंड प्लस टू (तीन मंजिला) आरसीसी इमारत अचानक ढह गई और उसके बगल में बने एक टीन के घर पर जा गिरी। इस हादसे में एक महिला और पांच बच्चों समेत कुल 6 लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई।

किरायेदारों ने खतरे को भांपकर समय रहते खाली कर दिया था मकान

जानकारी के मुताबिक, जिस इमारत का हिस्सा गिरा, उसमें सुबह से ही टाइल्स और प्लास्टर टूटकर गिर रहे थे। स्थानीय लोगों और किरायेदारों को अंदेशा हो गया था कि इमारत कभी भी ढह सकती है। खतरे को देखते हुए इमारत में रहने वाले सभी किरायेदारों ने समय रहते मकान खाली कर दिया, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया।

बच्चों के लिए खाना बनाने गई महिला, नहीं लौटी वापस

इमारत के बिल्कुल पास बने टीन के मकान में रहने वाली एक महिला सुबह अपने चार बच्चों के साथ एहतियातन घर से बाहर निकल गई थी। शाम के समय बच्चों को भूख लगने पर वह खाना बनाने के लिए दोबारा अपने घर लौट आई। इसी दौरान पड़ोस की एक बच्ची खेलते-खेलते उनके घर पहुंच गई। महिला बच्चों के लिए खाना बना ही रही थी कि अचानक पास की तीन मंजिला इमारत भरभराकर उनके घर पर गिर गई।

घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन, मची अफरा-तफरी

देखते ही देखते पूरा टीन का मकान मलबे में तब्दील हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस, दमकल विभाग व बचाव दल को सूचना दी। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे से सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक महिला और पांचों बच्चों की मौत हो चुकी थी।

सीएम फडणवीस ने किया 5-5 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान

इस घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry