MP को मिली नई सौगात, ग्वालियर से बेंगलुरु तक चलेगी ये ट्रेन, जानें किराया, रूट और टाइमिंग

मध्य प्रदेश

भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार नई ट्रेनों की शुरुआत कर रहा है. इसी कड़ी में एक नई ट्रेन शुरू कर मध्य भारत को दक्षिण भारत से जोड़ने की कोशिश की गई है. यह ट्रेन ग्वालियर से बेंगलुरु के बीच चलाई गई है. 2 हजार किलोमीटर से भी लंबा यह सफर करीब 43 घंटों में पूरा होगा. यह ट्रेन साप्ताहिक तौर पर चलेगी.

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव तथा केंद्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 26 जून को ग्वालियर-बेंगलुरु एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर नई सेवा का शुभारंभ किया. यह ट्रेन मध्य प्रदेश से निकलकर 4 राज्यों का सफर तय करते हुए अपनी मंजिल तक पहुंचेगी. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेन के शुभारंभ पर बताया कि इस ट्रेन के शुरू होने से मध्य प्रदेश के छात्रों, आईटी प्रोफेशनल्स और व्यापारियों के लिए महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक आना-जाना आसान हो जाएगा. साथ ही यह भी बताया कि पहली बार ग्वालियर से कोई ट्रेन शुरू होकर बेंगलुरु तक जाएगी.

ग्वालियर-बेंगलुरु एक्सप्रेस ट्रेन का नाम रखा गया है सर एम विश्वेश्वरैया बेंगलुरु एक्सप्रेस (GWL SMVB EXPRESS, गाड़ी नंबर 11086). यह ट्रेन हफ्ते में एक दिन चलेगी. ग्वालियर से यह ट्रेन शुक्रवार की दोपहर बाद 3 बजे रवाना होगी और 42 घंटे से अधिक का सफर तय करने के बाद रविवार सुबह 7.35 बजे पहुंचेगी.

बेंगलुरु से कब रवाना होगी ट्रेन

वापसी में यह ट्रेन (11086) बेंगलुरु से रविवार दोपहर बाद 3.50 बजे रवाना होगी और मंगलवार सुबह 10.25 बजे ग्वालियर पहुंचेगी. यह ट्रेन कल रविवार से एसएमवीटी बेंगलुरु से नियमित तौर पर शुरू हुई और 4 जुलाई से ग्वालियर से रवाना होगी.

साप्ताहिक तौर पर चलने वाली ग्वालियर-बेंगलुरु एक्सप्रेस ट्रेन में स्लीपर का किराया ग्वालियर से बेंगलुरु तक 775 रुपये हैं जबकि एसी 3टायर के लिए इस ट्रेन में 2050 रुपये देने होंगे. एसी 3 टायर इकोनॉमी के लिए एक टिकट की कीमत 1940 रुपये तय की गई है.

सफर के दौरान कितने पड़ेंगे स्टेशन

रेल मंत्रालय के अनुसार, यह ट्रेन अपने सफर के दौरान मध्य प्रदेश समेत 5 राज्यों से होते हुए अपनी मंजिल तक पहुंचेगी. इस ट्रेन में 22 कोच लगाए गए हैं जिसमें सबसे अधिक स्लीपर कोच के 7 डिब्बे लगे हैं. तो एसी3 टायर के लिए 4 डिब्बा और 4 जनरल कोच लगेंगे. ट्रेन अपने लंबे सफर के दौरान कई स्टेशनों पर भी रुकेगी और इस दौरान कुल 25 स्टेशन पड़ेंगे.

ट्रेन का स्टॉपेज शिवपुरी, गुना, अशोक नगर, बीना जंक्शन, विदिशा, भोपाल और बैतूल के बाद नागपुर, सेवाग्राम, चंदरपुर, बल्लारशाह, सिरपुर, कघजनगर, बेल्लामपल्ली, काजीपेट, काचीगुडा, महबूबनगर, गडवाल, कर्नूल, धोने, अनंतपुर, धर्मावरम, हिन्दुपुर और एसएमवीटी बेंगलुरु स्टेशन पर भी होगा.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry