Maihar Crime News: मैहर में जमीन के लालच में नाती बना कातिल, बुजुर्ग दादी की बेरहमी से हत्या; इलाके में सनसनी

मध्य प्रदेश

मैहर: ताला थाना क्षेत्र स्थित धतुई गांव में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने आखिरकार सुलझा लिया है. इस सनसनीखेज मामले में जो सच्चाई सामने आई है, उसने रिश्तों की मर्यादा को झकझोर कर रख दिया है. 71 वर्षीय गीता अग्निहोत्री की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उनकी ही बहन के नाती ने जमीन के लालच में की थी.

अकेलेपन का उठा फायदा

पुलिस जांच में सामने आया है कि गीता अग्निहोत्री निःसंतान थी और उनके पति का करीब 8 साल पहले निधन हो चुका था. इसके बाद वह गांव में अकेली रह रही थी. परिवार के अन्य सदस्य रीवा में रहते थे और कभी-कभार गांव आकर उनका हालचाल लेते थे. इसी अकेलेपन का फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया.

मोबाइल बंद होने से बढ़ा शक

31 जनवरी और 1 फरवरी को जब लगातार महिला का मोबाइल फोन बंद मिला, तो परिजनों को चिंता हुई. शक गहराने पर देवर का बेटा धतुई गांव पहुंचा, जहां घर के आंगन में गीता अग्निहोत्री का शव पड़ा मिला. सूचना मिलते ही ताला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई.

5 एकड़ जमीन बना हत्या की जड़

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका के नाम पर लगभग 5 एकड़ कृषि भूमि दर्ज थी. इस जमीन को लेकर उसकी बहन मानवती अग्निहोत्री के परिवार की नीयत लंबे समय से खराब थी. राजकुमार उर्फ मिसरा और उसके परिजनों ने जमीन को लेकर अमरपाटन न्यायालय में मामला भी दर्ज करा रखा था, जिसका मृतका के देवर पक्ष द्वारा विरोध किया जा रहा था.

बयान से पहले रची गई साजिश

पुलिस के अनुसार जमीन विवाद को लेकर न्यायालय में गीता अग्निहोत्री का बयान दर्ज होना था. आरोपी को डर था कि बयान के बाद जमीन उसके हाथ से निकल सकती है. इसी डर और लालच में उसने बुजुर्ग महिला को रास्ते से हटाने की साजिश रची. संदेह के आधार पर पुलिस ने 22 वर्षीय राजकुमार को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. आरोपी ने बताया कि 31 जनवरी की सुबह वह महिला के घर पहुंचा, जहां बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और उसने हत्या कर दी.

हत्या के बाद लूट

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला के पैरों से चांदी की पायल और हाथ से अंगूठी निकालकर फरार हो गया. घर पहुंचकर उसने खून से सने कपड़े बदल लिए और सामान्य व्यवहार करता रहा, ताकि किसी को शक न हो.

सबूतों के साथ गिरफ्तारी

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए कपड़े, चांदी की पायल और अंगूठी बरामद कर ली है. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है. मामले में अमरपाटन एसडीओपी ख्याति मिश्रा के द्वारा बताया गया कि “मृतका के रिश्ते में नाती लगने वाले व्यक्ति ने जमीनी विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया.

जमीन में हिस्सा न देने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो रहा था. जिसके बाद युवक द्वारा महिला की हत्या कर दी गई और गहने लेकर फरार हो जाया गया. जिसके बाद जांच के दौरान इस पूरे मामले का खुलासा हुआ. आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है. जिसके बाद आरोपी को पुलिस द्वारा कार्रवाई कर जेल भेजने का काम किया गया है.”

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry