यूपी के कुशीनगर जिले से सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है. यूपी ATS और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ISIS से जुड़े एक संदिग्ध एजेंट रिजवान अहमद को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी पडरौना कोतवाली क्षेत्र के रायनी मोहल्ला छावनी इलाके से शनिवार देर शाम की गई. सुरक्षा एजेंसियां इस कार्रवाई को आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही हैं.
जांच एजेंसियों के अनुसार, रिजवान पहले भी आतंकी गतिविधियों में शामिल रह चुका है. बताया जा रहा है कि उसे वर्ष 2015-16 में मुंबई में ISIS से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था. वह 2017 से 2023 तक ब्लास्ट कांड में जेल में बंद रहा. जेल से बाहर आने के बाद भी उसकी गतिविधियां लगातार सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर थीं.
युवाओं का करता था ब्रेनवॉश
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रिजवान युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें कट्टरपंथ की ओर मोड़ने का काम कर रहा था. एजेंसियों को शक है कि वह देश के अंदर एक नया नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश में था. उसके पास से कई आपत्ति जनक सामाग्री भी बरामद की गई है.
सूत्रों के मुताबिक, रिजवान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ISIS से जुड़े लोगों के संपर्क में था और एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स के जरिए बातचीत कर रहा था. सुरक्षा एजेंसियां अब उसके डिजिटल नेटवर्क, विदेशी हैंडलर्स और देश में संभावित स्लीपर सेल्स की जांच कर रही हैं.
फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उसे ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ दिल्ली ले गई है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी. पुलिस के अनुसार पूछताछ में कई खुलासे हो सकते हैं. पुलिस उसके पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.वह दिल्ली पुलिस के लिए वांछित भी था. इस पूरे मामले की जांच जारी है.वहीं इस गिरफ्तारी के बाद यूपी पुलिस, यूपी एटीएस और दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड में है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
