Kolkata Hospital Fire: कोलकाता के आनंदलोक अस्पताल में भीषण आग, खिड़कियां तोड़कर निकाले गए मरीज; पूरे इलाके में फैला धुआं

देश

Kolkata News: एक बड़ी खबर पश्चिम बंगाल के कोलकाता से सामने आई है. साल्ट लेक स्थित आनंदलोक अस्पताल में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अस्पताल की दूसरी मंजिल पर भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा इलाका काले धुएं की मोटी परत से ढक गया. शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. आग दूसरी मंजिल पर लगी थी, जो चारों तरफ से शीशे से ढकी हुई थी. धुएं के कारण अंदर फंसे मरीजों और उनके तीमारदारों का दम घुटने लगा.

अस्पताल के कर्मचारियों और मरीजों के रिश्तेदारों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि भागने का रास्ता नहीं मिल रहा था. आनन-फानन में अस्पताल की दूसरी मंजिल के शीशे तोड़े गए, ताकि मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके. कुछ लोग हाथों में सलाइन (खारा पानी) की बोतलें पकड़े हुए ही जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे.

दमकल विभाग पर देरी का आरोप

मौके पर मौजूद मरीजों के रिश्तेदारों ने दमकल विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि दमकल की गाड़ियां देरी से पहुंचीं, जिसके कारण स्थिति और बिगड़ गई. दमकल कर्मियों के आने से पहले स्थानीय लोगों और अस्पताल के कर्मचारियों ने खुद ही आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी थी. फिलहाल दो दमकल गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और आग बुझाने का काम युद्धस्तर पर जारी है.

अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल

आग के कारण अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई है. प्रशासन का प्राथमिक उद्देश्य सभी मरीजों को सुरक्षित शिफ्ट करना है. आशंका जताई जा रही है कि यदि आग पर जल्द काबू नहीं पाया गया, तो यह इमारत के बाकी हिस्सों में भी फैल सकती है. राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry