Jharkhand Municipal Election: हजारीबाग और मानगो नगर निगम चुनाव में ‘महिला शक्ति’ का बोलबाला, नामांकन के लिए उमड़ी महिला प्रत्याशियों की भीड़

झारखण्ड

हजारीबाग/जमशेदपुर/जामताड़ा: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर उत्साह चरम सीमा पर है. लोग लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेने के लिए उत्साहित हैं. खासकर महिलाओं की संख्या इस बार अधिक देखने को मिल रही है. महिलाएं अपना घर का काम निपटाकर उम्मीदवार के साथ समाहरणालय नॉमिनेशन के लिए पहुंच रही हैं. तुलनात्मक दृष्टिकोण से देखा जाए तो पुरुष की तुलना में महिलाओं की संख्या अधिक है. इससे पहले आमतौर पर पहले देखा जाता था कि महिला उम्मीदवार के साथ पुरुष समर्थक नामांकन के समय आते थे लेकिन अब महिला उम्मीदवार के साथ महिला समर्थक अधिक पहुंच रही हैं.

आधी आबादी अब हर एक क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. लोकतंत्र के महापर्व में आधी आबादी घर से बाहर निकलकर उम्मीदवारों के साथ नॉमिनेशन करवाने पहुंच रही हैं. पहले यह देखा जाता था कि महिला उम्मीदवार के साथ पुरुष समर्थक पहुंचते थे. अब महिला उम्मीदवार के साथ महिला समर्थकों की संख्या ज्यादा है.

वार्ड की समस्या हो दूर: महिलाएं

महिलाओं का कहना है कि आधी आबादी को जब भी जिम्मेदारी मिली है तो वह उसे ईमानदारी से निभा रही हैं. वार्ड की समस्या को देखते हुए घर से बाहर निकली हैं ताकि क्षेत्र का विकास हो सके. 73 वर्ष की बुजुर्ग पार्वती देवी बताती हैं कि पूरा जीवन कट चुका है और चाहती हूं कि आने वाली पीढ़ी के लिए कुछ बेहतर हो सके. इसी उम्मीद से समाहरणालय परिसर पहुंची हूं ताकि बेहतर उम्मीदवार चुनाव जीतकर वार्ड पार्षद बने.

पुरुषों की तुलना में महिलाएं होती हैं ज्यादा ईमानदार

वहीं कामती देवी कहती हैं कि महिलाएं, पुरुष की तुलना में अधिक ईमानदार होती हैं. यही कारण है कि महिलाएं हर एक उम्मीदवार के साथ दिख रही हैं. महिलाओं को जब भी जिम्मेदारी सौंपी गई है तो वह उसे पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाती हैं. हाल के दिनों में देखा जाए तो महिलाओं ने सखी मंडल बनाकर इतिहास रचा है. यही नहीं महिलाएं हर एक क्षेत्र में अपनी सेवा दे रही हैं. अब समय आ गया है कि महिला और पुरुष के बीच भेदभाव समाप्त हो.

जमशेदपुर

झारखंड निकाय चुनाव के अंतर्गत जमशेदपुर के मानगो नगर निगम क्षेत्र में मेयर पद के लिए महिला प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है. झारखंड निकाय चुनाव के अंतर्गत जमशेदपुर के मानगो निगम क्षेत्र में मेयर पद के लिए प्रत्याशी सुधा गुप्ता, प्रत्याशी कुमकुम श्रीवास्तव और प्रत्याशी जेबा खान ने अपना नामांकन दाखिल किया है.

नामांकन को लेकर प्रशासन की तरह से व्यापक तैयारी

प्रत्याशी सुधा गुप्ता सादगी के साथ नामांकन करने पहुंचीं. नामांकन के दौरान पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के अलावा कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे. नामांकन करने के बाद मानगो मेयर पद की दावेदारी करने वाली सुधा गुप्ता ने बताया कि राजनीति मेरे लिए नई नहीं है. मैं 30 साल से अपने पति के साथ राजनीतिक माहौल को देख रही हूं. मानगो में बन्ना गुप्ता द्वारा कई विकास कार्य किए गए हैं. वर्तमान में मेयर पद के लिए कई दावेदारियां हैं. लेकिन इस चुनौती में मुझे जनता का आशीर्वाद मिलेगा. उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और क्षेत्र की समस्या को दूर करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी.

वहीं पूर्वी सिंहभूम राजकुमार श्रीवास्तव की पत्नी कुमकुम श्रीवास्तव ने मेयर पद के लिए नामांकन किया है. नामांकन के बाद मेयर पद प्रत्याशी कुमकुम श्रीवास्तव ने बताया कि यह घर का चुनाव है. आम जनता का मुझे पूरा समर्थन है. इस चुनावी मैदान में कोई चुनौती नहीं है.

प्रत्याशियों के जनता से वादे

बता दें कि निकाय चुनाव में राजनीतिक दलों ने प्रत्याशी के समर्थन की घोषणा की है. जिसके तहत सुधा गुप्ता को कांग्रेस का समर्थन है. इधर कांग्रेस की ही चर्चित नेत्री जेबा खान चुनावी मैदान में हैं, जिन्होंने मेयर पद के लिए नामांकन किया है. जेबा खान कांग्रेस नेता फिरोज खान की पत्नी है. नामांकन के बाद जेबा खान ने कहा कि शिक्षा मेरी पहली प्राथमिकता है. पहली बार चुनाव लड़ रही हूं, मैं मानगो की बेटी हूं, इतना विकास कार्य करूंगी कि पूरा देश में नाम होगा.

जामताड़ा

जामताड़ा नगर पंचायत चुनाव को लेकर माहौल काफी गरमा गया है. खासकर नगर पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर काफी सरगर्मी है. नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर कौन काबिज होगा, कौन प्रत्याशी बाजी मारेगा? यह तो कहना अभी मुश्किल है लेकिन अभी से ही इसके लेकर प्रत्याशी पूरे दमखम के साथ शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं. गाजे बाजे के साथ पर्चा दाखिल कर जनसंपर्क अभियान भी कर रहे हैं. वोटरों को अपनी ओर आकर्षित करने में पूरी ताकत लगा रहे हैं. प्रत्याशी कोई कसर छोड़ना नहीं चाह रहे हैं.

चुनावी मैदान में प्रमुख नेताओं के परिजन

चुनावी समर में सभी अपना भाग्य अजमाने में लगे हैं. हालांकि बीजेपी के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल की बहन रीना कुमारी इस चुनाव मैदान में हैं, जो पहले नगर पंचायत अध्यक्ष थीं. इस चुनावी समर में जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए समर्थित प्रत्याशी के रूप में पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु प्रसाद की धर्मपत्नी चमेली देवी चुनाव मैदान में हैं.

अब साकार होगा सुंदर जामताड़ा बनाने का सपना

प्रत्याशी चमेली देवी का कहना है कि जामताड़ा को स्वच्छ एवं सुंदर जामताड़ा बनाना ही नहीं बल्कि जामताड़ा नगर में जो कठपुतली राज है, उसे खत्म करना है. चुनावी समर में झामुमो समर्थित उम्मीदवार के साथ-साथ नगर अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी मुक्ता मंडल पूरी ताकत लगा रही हैं.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry