रायसेनः मध्यप्रदेश के रायसेन में से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां जिला जेल पठारी में दहेज प्रताड़ना के मामले में बंद एक महिला कैदी ने जेल में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। इस घटना ने जेल प्रबंधन और जिला प्रशासन दोनों को हिलाकर रख दिया। आनन-फानन में महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 36 वर्षीय देवकी बाई निवासी गौहरगंज थाना क्षेत्र में दर्ज दहेज प्रताड़ना के प्रकरण में न्यायिक हिरासत में जिला जेल पठारी में बंद थी। गुरुवार को उसने जेल की बैरक के भीतर अपनी ही साड़ी का फंदा बनाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना का पता चलते ही जेल स्टाफ में हड़कंप मच गया और तत्काल उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवाया गया। बताया जा रहा है कि मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जेलर आर.के. चोरे ने दूरभाष पर घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद और संवेदनशील मामला है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि महिला ने आत्महत्या जैसा कदम किन परिस्थितियों में उठाया। हालांकि घटना के समय किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मौके पर न पहुंच पाने के कारण प्रारंभिक स्तर पर अधिक जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और जेल प्रबंधन से भी विस्तृत रिपोर्ट तलब की जा रही है। जेल के भीतर इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बहरहाल अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदारी किसकी तय होती है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
