International Kite Festival: गृह मंत्री अमित शाह ने याद दिलाया इतिहास, बताया कैसे ‘साइमन गो बैक’ लिखी पतंगें बनी थीं आजादी का हथियार

दिल्ली

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को दिल्ली के यमुना नदी के किनारे स्थित विशाल बांसेरा पार्क में तीसरे अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने लोगों को, विशेषकर किसानों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं. साथ ही पतंग भी उड़ाई. शाह ने पतंग महोत्सव पर कहा कि यह देश के लोगों को दिल्ली से जोड़ेगा और उन्होंने दिल्ली सरकार और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) से इसे देश और दुनिया के अग्रणी आयोजनों में से एक बनाने की दिशा में काम करने का आग्रह किया।

उन्होंने सुझाव दिया कि इस आयोजन को और अधिक समग्र बनाने के लिए एक समिति का गठन किया जाए. शाह ने भारत की त्योहार संस्कृति की समृद्धि का भी जिक्र किया, और कवि कालिदास का हवाला देते हुए कहा, “उत्सव-प्रिय जनाः,” जिसका अर्थ है कि भारत के लोग त्योहारों के शौकीन हैं. उन्होंने कहा कि पूरे साल देश भर में लोग त्योहार मनाते हैं, जो समाज को एक साथ लाते हैं और एक सामूहिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देते हैं. उन्होंने कहा कि उत्तरायण इस परंपरा का एक अभिन्न अंग है.

अंग्रेजों को दिखाई थी पतंग की ताकत

गृह मंत्री अमित शाह ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में पतंगों की भूमिका को याद करते हुए कहा कि साइमन कमीशन को पूरे देश में कड़े विरोध का सामना करना पड़ा, जिसमें “साइमन गो बैक” का नारा प्रतिरोध का एक प्रमुख प्रतीक बन गया. शाह ने कहा, “सबसे शक्तिशाली विरोध उत्तरायण के दौरान हुआ, जब पूरे देश में लोगों ने ‘साइमन गो बैक’ लिखे पतंग उड़ाए, आसमान को भर दिया और अंग्रेजों को अपनी ताकत दिखाई.”

सोमनाथ मंदिर सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति का प्रतीक

इस दौरान शाह ने कहा कि मकर संक्रांति को विभिन्न क्षेत्रों में लोहड़ी, बिहू, पोंगल और खिचड़ी पर्व के नाम से भी जाना जाता है जो मूल रूप से किसानों का त्योहार है और सूर्य देवता की जीवनदायी शक्ति का प्रतीक है. हाल में संपन्न हुए सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का जिक्र करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि गुजरात के इस प्राचीन मंदिर को 1000 वर्षों में 16 बार लूटा गया, लेकिन आज भी यह भव्य रूप में खड़ा है, जो इस बात का प्रमाण है कि निर्माण करने वालों की शक्ति विध्वंस करने वालों से कहीं अधिक है. शाह ने कहा कि सोमनाथ मंदिर सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की शाश्वतता का प्रतीक है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry