सिरसा : सिरसा से कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने अनाज मंडी का दौरा कर हरियाणा सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरे के दौरान उन्होंने किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर चिंता जताई और सरकार की नीतियों को पूरी तरह विफल बताया। कुमारी सैलजा आज सिरसा के दौरे पर थी और मीडिया से बातचीत करते हुए कुमारी सैलजा ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर प्रहार किया।
इस मौके कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने रबी फसल सीजन के लिए कोई ठोस तैयारी नहीं की है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की अनाज मंडियों के गेट बंद कर दिए गए हैं, जिससे किसान अपनी फसल बेचने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। सरकार द्वारा लगाए गए नियम और पाबंदियां किसानों के लिए मुसीबत बन गई हैं।
उन्होंने आगे कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर की बढ़ती समस्या ने किसानों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। ऐसे समय में सरकार को राहत देने के बजाय किसानों को परेशान करने वाली नीतियां लागू कर रही है। खुद को किसानों की हितैषी बताने वाली सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर भी कुमारी सैलजा ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि क्रॉस वोटिंग करने वाले पांच विधायकों के खिलाफ पार्टी हाईकमान सख्त कार्रवाई करेगा। इसके अलावा जिन विधायकों के वोट रिजेक्ट हुए हैं, उनके खिलाफ भी अनुशासनात्मक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने “पोर्टल-2” सिस्टम पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार तकनीकी दिखावे में उलझी हुई है, जबकि जमीनी स्तर पर किसान परेशान हैं। अंत में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि किसानों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कांग्रेस उनके हक की लड़ाई लड़ती रहेगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad