फरीदाबाद के स्कूल में महिला टीचर की खौफनाक हत्या: 32 सेकेंड में चाकू से किए 34 वार, 2 घंटे में आरोपी अमित गिरफ्तार

हरियाणा

फरीदाबाद (हरियाणा): फरीदाबाद पुलिस द्वारा संगीन आपराधिक घटनाओं पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। 3 अगस्त को थाना सेक्टर-58 अंतर्गत सिकरौना गांव स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में एक महिला टीचर की चाकू से गोदकर जघन्य हत्या कर दी गई थी। इस दिल दहला देने वाले मामले में एवीटीएस (AVTS) सिकरौना की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना मिलने के महज 2 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता प्राप्त की है।

🚓 पति की शिकायत पर सेक्टर-58 थाने में मामला दर्ज, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गांव कोट से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 अगस्त की सुबह सिकरौना स्थित स्कूल के भीतर महिला शिक्षिका की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या की गई थी।

मामले में मृतका के पति विकास की लिखित शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-58 में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध शाखाओं और गुप्तचर तंत्र को सक्रिय किया गया। एवीटीएस सिकरौना की टीम ने तकनीकी सहायता, लोकेशन ट्रैकिंग और विश्वस्त सूत्रों की सूचना पर त्वरित छापेमारी करते हुए फरीदाबाद के गांव कोट निवासी 21 वर्षीय आरोपी अमित को दबोच लिया।

🔪 बातचीत बंद करने और केस की चेतावनी से बौखलाया था आरोपी, 32 सेकेंड में किए 34 वार

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी अमित ने अपना गुनाह कबूल करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए।

उसने बताया कि लगभग 2 वर्ष पूर्व मृतका उसके गांव के एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थी, उसी दौरान उससे जान-पहचान और बातचीत शुरू हुई थी। कुछ समय बाद महिला उससे दूरी बनाना चाहती थी और बार-बार पीछा करने पर उसने आरोपी से स्पष्ट कहा था कि वह उसके खिलाफ पुलिस केस दर्ज कराएगी। महिला द्वारा बातचीत पूरी तरह बंद कर देने से नाराज सिरफिरे आरोपी ने हत्या की साजिश रची। 3 अगस्त की सुबह उसने स्कूल में घुसकर महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने महज 32 सेकेंड के भीतर 34 बार चाकू से वार कर महिला की निर्मम हत्या की और फरार हो गया। पुलिस द्वारा आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry