गुड़गांव: तीन साल मासूम को बहला फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ रेप के बाद गला दबाकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने शव को गड्ढा खोदकर दफना दिया। जब माता-पिता ने बच्ची के गुमशुदा होने की सूचना पुलिस को दी तो पुलिस ने आसपास एरिया के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जिसमें एक युवक मासूम को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया। पुलिस ने जब युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने पूरी वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। जिसके बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गड्ढा खोदकर शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान शिवनाथ (उम्र-25 वर्ष) निवासी सुपौल (बिहार) के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी एक कंपनी में स्क्रैप भरने का काम करता है। 19 फरवरी की देर शाम को वह अपने पड़ोस में रहने वाली करीब साढ़े तीन साल की मासूम को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया था। घर से करीब चार किलोमीटर दूर एक नील फैक्ट्री के पीछे खाली जगह पर ले गया जहां उसके साथ रेप किया। किसी को भी इस बारे में पता न लगे इसके लिए उसने मासूम का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को खुदबुर्द करने की नीयत से गड्ढा खोदकर उसमें दफना दिया।
वहीं, जब माता-पिता को देर शाम तक उनकी बच्ची नहीं मिली तो उन्होंने सेक्टर-37 थाना पुलिस को इसकी शिकायत दी। पुलिस ने गांव मोहम्मदपुर झाड़सा में लगे कई सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जिसके बाद यह आरोपी मासूम को अपने साथ ले जाता दिखाई दे गया और पुलिस ने मशक्कत के बाद आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी मासूम के पड़ोस में ही किराए के मकान में रहता है। मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
