हिसार: कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के बावजूद सोमवार को हरियाणा के अधिकतर जिलों में नौतपा की शुरुआत तेज गर्मी के साथ हुई। सिरसा, भिवानी, महेंद्रगढ़, रोहतक और अंबाला में तापमान सामान्य से 3 से 4.8 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। सिरसा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहाँ तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया। हालांकि, प्रदेश के 18 अन्य जिलों में बादलों की आवाजाही और धूल भरी हवाओं के कारण रात का तापमान बढ़ गया है, जिससे उमस में इजाफा हुआ है।
🌡️ मौसम का मिजाज: 29 मई तक लू चलने की चेतावनी
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, आगामी 29 मई तक मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। इस दौरान दक्षिण-पश्चिमी गर्म हवाएं चलने से दिन के तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है और कुछ क्षेत्रों में लू (Heatwave) चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। राजस्थान के ऊपर बन रहे साइक्लोनिक सरकुलेशन का असर हरियाणा के तापमान पर स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है।
⛈️ राहत की उम्मीद: 29 मई की रात से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग ने राहत की खबर देते हुए बताया है कि शुक्रवार 29 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 29 मई की रात से 1 जून के बीच हरियाणा के अधिकांश क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान धूल भरी हवाएं चलने और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
