हरियाणा ‘ममता मर्डर केस’: हाथ पर गुदे थे 3 नाम, वही बने कातिल तक पहुँचने का रास्ता! बेवफा प्रेमी ने ऐसे रची खूनी साजिश

हरियाणा

हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में सामने आए ममता मर्डर केस की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. ममता की लाश खेत में मिली थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर चौंकाने वाले खुलासे हुए. पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड को अंजाम किसी और ने नहीं, बल्कि महिला के प्रेमी ने ही दिया था.

पुलिस जांच में सामने आया कि 32 वर्षीय ममता की शादी करीब आठ साल पहले रोहतक के एक युवक से हुई थी, लेकिन शादीशुदा जीवन सुखद नहीं रहा. पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते थे, जिसके चलते ममता अपने पति से अलग होकर रहने लगी. दोनों के बीच तलाक नहीं हुआ था और उनका कोई बच्चा भी नहीं था.

रिंकू नाम के युवक की एंट्री

पति से अलग होने के बाद ममता की जिंदगी में रिंकू नाम के युवक की एंट्री हुई. दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे गहरे रिश्ते में बदल गई. पिछले करीब दो साल से दोनों सोनीपत में किराये के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. रिंकू ममता को अपनी पत्नी की तरह मानता था और उसकी हर जरूरत का ध्यान रखता था.

मामले ने नया मोड़ तब लिया जब रिंकू को पता चला कि ममता का किसी तीसरे शख्स के साथ भी संबंध है. इस बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगा. आए दिन झगड़े होने लगे और रिंकू के मन में शक और गुस्सा लगातार बढ़ता गया. यह विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि हिंसा तक पहुंच गया.

पुलिस के मुताबिक, वारदात वाले दिन रिंकू ममता को अपने गांव माडोंठी घुमाने के लिए ले जा रहा था. इसी दौरान दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ. गुस्से में आकर रिंकू ने ममता की हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया.

हाथों पर गुदवा रखे थे 3 लड़कों के नाम

शुरुआत में यह मामला पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर लग रहा था, क्योंकि महिला की पहचान और उसके संबंधों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं थी. लेकिन पुलिस को जांच के दौरान एक अहम सुराग मिला. ममता के हाथ पर ओम का निशान और दूसरे हाथ पर पांच अलग-अलग नाम लिखे हुए थे. इन नामों में 3 नाम लड़कों के थे, जिनमें सोनू, राकेश, ईश्वर शामिल हैं.

इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने उन नामों से जुड़े लोगों की पहचान कर उनकी जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और पूछताछ के जरिए पुलिस ने रिश्तों की कड़ियां जोड़ते हुए आखिरकार आरोपी तक पहुंच बनाई. जांच में शक की सुई रिंकू पर आकर टिक गई.

पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या की पूरी टाइमलाइन और अन्य पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके. यह मामला रिश्तों में बढ़ते अविश्वास और विवाद के खतरनाक अंजाम को भी उजागर करता है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry