गौरेला पेंड्रा मरवाही: गौरेला थाना क्षेत्र में दो अलग अलग घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई. दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.
खंभे से टकराई बाइक, रेलवे कर्मचारी की मौत
पहली घटना गौरेला-वेंकटनगर मुख्य मार्ग पर मेंढूका बरवासन गांव के पास हुई. जहां पर दौंजरा गांव निवासी रेलवे कर्मचारी शिवा सिंह अपनी पत्नी के साथ किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिवा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है.
ट्रैक्टर काफी तेज गति से जाते हुए खंभे को ठोकर मारते हुए पलट गया. इस हादसे में मेरे ससुर की मौत हो गई. ट्रैक्टर चालक नशे में था- राम लाल यादव. प्रत्यक्षदर्शी, धनगंवा
ट्रैक्टर पलटने से घर के बाहर बैठा बुजुर्ग दबा, मौत
दूसरी घटना धनगवा गांव में हुई. यहां रेलवे के निर्माण कार्य में लगा एक ट्रैक्टर अचानक तेज रफ्तार में अनियंत्रित हो गया और घर के सामने चबूतरे पर बैठे लोगों को कुचलते हुए पलट गया. हादसे में बुजुर्ग पुन्नू लाल राठौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए. घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है. दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है. पुलिस दुर्घटनाओं के कारणों की जांच कर रही है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
