Giridih News: गिरिडीह में जमीन विवाद को लेकर दो गुटों में जमकर पथराव, मौके पर पहुंची पुलिस ने संभाला मोर्चा

झारखण्ड

गिरिडीहः जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के घोरंजो में मंगलवार को जमीन विवाद में दो पक्षों में भिड़ंत हो गई. देखते ही देखते दोनों पक्षों की तरफ से कई लोग जुट गए और पथराव शुरू हो गया. बीच सड़क पर भी पत्थरबाजी की गई. बाद में मामले की सूचना पुलिस को लगी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विभूति देव ने गश्ती दल को भेजा और खुद भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला.

गैरमजरुआ जमीन को लेकर चल रहा है विवाद

इस संबंध में जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव ने बताया कि घोरंजो में गैरमजरुआ जमीन को लेकर दो पक्ष में विवाद चल रहा है. मंगलवार को एक पक्ष ने कार्य शुरू करने का प्रयास किया तो दूसरे पक्ष ने विरोध कर दिया. इस दौरान दोनों पक्ष से लोग जुटे और कुछ मिनट के लिए पथराव हो गया. हालांकि समय पर गश्ती दल के पहुंच जाने से दोनों पक्ष शांत हुए. घटना में किसी को भी चोट नहीं लगी जा. हालांकि पुलिस गश्ती दल मौके पर मौजूद है.

निषेधाज्ञा लागू, पथराव करने वालों पर होगी कार्रवाई : सीओ

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही जमुआ के सीओ नरेश कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंच गए. सीओ ने पहले स्थिति को नियंत्रित किया, फिर लोगों को समझाया. उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की बात थी तो लोगों को प्रशासन के पास आना चाहिए, न की खुद ही फैसला करने में लोग जुट जाएं. सीओ ने कहा कि कानून को हाथ में लेनेवाले लोगों पर कार्रवाई होगी.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry