फरीदाबाद : फरीदाबाद के फतेहपुर बिलोच रोड पर गुरुवार सुबह एक दुकानदार पर कुल्हाड़ी से हमला करने का मामला सामने आया है। अपनी दुकान के बाहर खड़ा एक दुकानदार फोन पर बात कर रहा था तभी हमलावारों ने उस पर हमला कर दिया। इस हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, 37 वर्षीय पवन फतेहपुर बिलोच रोड अपनी दुकान पर खड़ा हुआ था। तभी एक बाइक और एक कार वहां आकर रुकी। बाइक पर सवार तीन युवकों में से दो ने अचानक पवन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में पवन के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं और वह जमीन पर गिर पड़ा। हमला करने के बाद आरोपी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।
कुल्हाड़ी से हमला कर मौके से फरार
बताया जा रहा है कि हमलावर अपने साथ दो कुल्हाड़ियां लाए थे, जिनमें से एक कुल्हाड़ी वे मौके पर ही फेंक गए। आसपास के लोगों ने तुरंत पवन को गाड़ी से सेक्टर-8 स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
हमलावर पीड़ित की दुकान पर कर चुके काम
स्थानीय लोगों के अनुसार, हमला करने वाले युवक पहले पवन की दुकान पर काम कर चुके थे। करीब 7-8 महीने पहले किसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते यह हमला किया गया। हमले के आरोप वेद प्रकाश, बल्ली और बलदेव नाम के युवकों पर लगाए जा रहे हैं।
पुरानी रंजिश में हुआ हमला
इस मामले में तिगांव एसीपी अशोक कुमार ने बताया कि सुबह पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। घायल का इलाज जारी है और शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि यह हमला पुराने विवाद के कारण हुआ है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad