उत्तर प्रदेश से सहारनपुर में पिछले एक सप्ताह में बाहरी राज्यों से आई तब्लीगी जमातों को वापस दिल्ली भेजने की प्रक्रिया लगातार जारी है. देवबंद, गंगोह, नकुड़, बेहट, रामपुर मनिहारन और शहर के कई इलाकों में रुकी जमातों को प्रशासनिक औपचारिकताओं पूरी करने के बाद दिल्ली भेजा जा रहा है. यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के तहत की जा रही है. प्रशासन के अनुसार, केवल वही जमातें जिले में रुक सकती हैं, जो उचित अनुमति लेकर आएं.
फिलहाल अधिकतर जमातें बिना अनुमति के मिलीं, जिसके चलते उन्हें निजामुद्दीन स्थित मरकज वापस भेज दिया गया. सहारनपुर जिले में BNS की धारा 163 (पूर्व में 144) प्रभावी होने के कारण बाहरी जमातों की एंट्री पर रोक है. हाल के दिनों में देशभर से संदिग्ध गतिविधियों और सहारनपुर में पकड़े गए कुछ व्यक्तियों के मद्देनजर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्कता बरत रही हैं.
