दुर्ग: जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला चोरी का मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपनी ही सहेली के घर से लाखों रुपये के जेवरात और नगद रकम चोरी कर ली. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी गए सामान को भी बरामद कर लिया गया है.
प्रयागराज घूमने गई थी पीड़िता
प्रार्थिया ने मोहन नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने बेटे के साथ प्रयागराज घूमने गई थी. घर की देखरेख के लिए उसने अपनी सहेली जागेश्वरी मार्कण्डेय को घर की चाबी दी थी, ताकि वह घर का ध्यान रख सके.
लौटने पर खुला चोरी का राज
जब प्रार्थिया प्रयागराज से वापस लौटी, तो उसके बेटे ने बताया कि घर का दरवाजा खुला हुआ है और आलमारी का ताला टूटा हुआ है. जांच करने पर पता चला कि आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगद रकम गायब है.
सहेली से पूछताछ में हुआ खुलासा
प्रार्थिया ने जब अपनी सहेली जागेश्वरी मार्कण्डेय से इस बारे में पूछा, तो उसने चोरी करना कबूल कर लिया लेकिन जेवरात और नगद रकम वापस करने का भरोसा भी दिया. लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब सामान वापस नहीं किया गया, तब प्रार्थिया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान महिला ने चोरी करना स्वीकार कर लिया. पुलिस ने उसके पास से लगभग 3 लाख 42 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं.
पुलिस प्रवक्ता मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि प्रार्थिया की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है. बरामद किए गए जेवरातों के साथ आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
