धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. नगरी ब्लॉक के बेलर गांव स्थित सीतानदी में चल रहे अवैध रेत के कारोबार पर तहसीलदार की टीम ने दबिश दी, जहां से कुल 7 ट्रैक्टर जब्त किए.
भुरसीडोंगरी और सीतनदी में रेत खनन पर कार्रवाई
बेलरगांव के तहसील के भुरसीडोंगरी और बरबांधा क्षेत्र की सीतानदी में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं. सूचना मिलने पर तहसीलदार की टीम ने मंगलवार और बुधवार को मौके पर पहुंचकर जांच की और अवैध परिवहन करते ट्रैक्टरों को पकड़ लिया.
रेत खनन पर कार्रवाई
तहसीलदार अखिलेश देशलहरे ने बताया कि जांच के दौरान ट्रैक्टर चालकों से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका. इसके बाद भुरसीडोंगरी और बरबांधा क्षेत्र से कुल 7 ट्रैक्टर जब्त किया गया.
कार्रवाई के दौरान कुछ ट्रैक्टर रेत से भरे हुए मिले, जबकि कुछ ट्रैक्टरों में रेत भरने की तैयारी चल रही थी. टीम ने मौके पर ही सभी ट्रैक्टरों को जब्त कर सिहावा थाने के सुपुर्द कर दिया, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. तहसीलदार ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को प्रतिवेदन भेज दिया गया है.
रेत माफियाओं में हड़कंप
इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad