धमतरी: 82 दिन से लापता शख्स की लाश जंगल के तालाब से मिली है. ग्रामीण जब लकड़ी लेने के लिए श्रृंगी ऋषि पर्वत के ऊपर बने तालाब के पास पहुंचे, तब उनको वहां पर काफी बदबू आती मिली. लकड़ी लेने गए ग्रामीण जब तालाब के करीब गए तो वहां पर सड़ी-गली लाश पड़ी थी. लाश मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस को जैसे ही लाश मिलने की खबर मिली वो भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ के बाद शव का पंचनामा किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया.
82 दिन से लापता शख्स की मिली लाश
घटनास्थल की जांच के दौरान मौके से एक कीटनाशक की बोतल मिली है. कीटनाशक की बोतल मिलने से पूरा मामला संदिग्ध नजर आ रहा है. जांच के दौरान ही ये पता चला कि जिस शख्स का शव जंगल से मिला है वो बीते 82 दिनों से लापता था. मृतक की पहचान 49 साल के जगन्नाथ साहू के रुप में हुई है. मृतक जगन्नाथ साहू केरेगांव थाना इलाके के दरहन गांव का रहने वाला था. जगन्नाथ की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी उसके परिवार वालों ने दर्ज कराई थी. केरगांव पुलिस लगातार लापता जगन्नाथ की तलाश में जुटी थी लेकिन उसका पता 82 दिन बाद मिला. जगन्नाथ की मौत से गांव के लोग सदमे में हैं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
एएसपी शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी. शव काफी पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़ चुका था. घटनास्थल से कीटनाशक दवा की बोतल मिलने के आधार पर प्रारंभिक रूप से मामला जान देने से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी. एएसपी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
