दिल्ली से देहरादून के सफर को मात्र 2.5 घंटे में समेटने वाला बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे आज से आम जनता के लिए खुल जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देहरादून में इस आधुनिक एक्सप्रेसवे का विधिवत लोकार्पण करेंगे. हालांकि, इस शानदार मार्ग पर गाड़ी दौड़ाने से पहले आपको परिवहन विभाग द्वारा जारी कड़े नियमों को जान लेना बेहद जरूरी है, वरना आपकी एक छोटी सी लापरवाही जेब पर भारी पड़ सकती है.
परिवहन उपायुक्त शैलेश तिवारी के अनुसार, यह एक्सप्रेसवे हाई-स्पीड ट्रैफिक के लिए बनाया गया है, जहां सुरक्षा सर्वोपरि है. विभाग ने कुछ दिशा-निर्देश जारी किए हैं. एक्सप्रेसवे के बीच में गाड़ी रोकना या मोड़ना सख्त मना है. यात्रियों को चढ़ने और उतरने के लिए पहले से ही अपने एंट्री और एग्जिट पॉइंट तय करने होंगे. एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा राजाजी नेशनल पार्क (Wildlife Zone) से गुजरता है. वन्यजीवों की शांति भंग न हो, इसलिए यहां हॉर्न बजाना पूरी तरह प्रतिबंधित है.
पूरे मार्ग पर इलेक्ट्रॉनिक कैमरे लगे हैं. गति सीमा का उल्लंघन करने या गलत दिशा में चलने पर ऑटोमैटिक चालान जनरेट होगा. रात में वाहन चलाते समय लो बीम हेडलाइट का उपयोग अनिवार्य किया गया है ताकि सामने से आने वाले चालकों को असुविधा न हो.
देहरादून एंट्री पर बरतें विशेष सावधानी
एक्सप्रेसवे से देहरादून में प्रवेश करते समय आशारोड़ी के पास तीव्र ढाल है. विभाग ने चेतावनी दी है कि यहां वाहन की गति को नियंत्रित कर लें, क्योंकि ढलान पर तेज रफ्तार अनियंत्रित होकर बड़े हादसे का कारण बन सकती है.
यात्रा से पहले चेकलिस्ट तैयार रखें
चूंकि यह मार्ग अभी नया है और पेट्रोल पंप व गैराज जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि गाड़ी की सर्विस और ईंधन (Fuel) पहले ही चेक कर लें. टायरों में हवा का प्रेशर मानक के अनुसार रखें. तेज रफ्तार में घर्षण के कारण टायर फटने का खतरा रहता है. डाटकाली मंदिर के पास टनल क्षेत्र में गति धीमी रखें.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad