Crime News: गर्लफ्रेंड की बहन से बात करने की जिद में युवक ने खुद को मारी गोली, पुलिस जांच में जुटी

मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश के उज्जैन में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. बैतूल जिले का एक युवक अपनी प्रेमिका से बात करने की जिद में स्कूटी चलाकर करीब 370 किलोमीटर दूर उज्जैन पहुंचा. फिर वहां प्रेमिका के सामने ही खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया. मृतक की पहचान बैतूल जिले के सारणी निवासी निखिल आहके के रूप में हुई है

निखिल का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से युवती ने निखिल से बातचीत करना बंद कर दिया था, जिससे वह गहरे तनाव में था. युवती दो दिन पहले ही उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित बंगाली कॉलोनी में अपनी बड़ी बहन के घर आई थी.

स्कूटी से तय किया 370 किमी का सफर

जानकारी के मुताबिक, निखिल अपनी प्रेमिका से बात करने के लिए इस कदर बेचैन था कि वह स्कूटी उठाकर सारणी (बैतूल) से सीधे उज्जैन पहुंच गया. शनिवार शाम करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच वह सीधे युवती के जीजा विनय गायनी के घर में दाखिल हुआ.

परिजनों को कमरे में किया बंद, फिर दी जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घर में घुसते ही निखिल ने हंगामा शुरू कर दिया. उसने युवती की बड़ी बहन और बच्चे को एक कमरे में बंद कर दिया और युवती से बात करने की जिद करने लगा. निखिल ने कहा, “आपकी बहन मुझसे बात नहीं कर रही है, उसे कहो कि मुझसे बात करे.” जब युवती ने बात करने से इनकार किया और उसे वापस जाने को कहा, तो निखिल घर के आंगन (अहाते) में गया और अपने पास मौजूद पिस्टल से अपने सीने में गोली दाग दी.

पुलिस जांच में जुटी

गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया. मौके पर पहुंची नीलगंगा थाना पुलिस और सीएसपी दीपिका शिंदे ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा. पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि निखिल के पास अवैध हथियार (पिस्तौल) कहां से आया? क्या वो युवती या उसके परिवार पर भी हमला करने के इरादे से आया था? फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry