हाजीपुर: पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार, जो हमेशा आम लोगों और गरीबों के कल्याण के दावे करती है, अब अपने एक नए फैसले के कारण सवालों के घेरे में आ गई है।
हाजीपुर इलाके में सरकारी अस्पताल जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों पर 20 रुपये की पार्किंग फीस का बोझ डाल दिया गया है, जिससे जनता में भारी रोष पैदा हो गया है। कांग्रेस पार्टी के युवा नेता शुभम सोहल ने सरकार की इस नीति पर हैरानी जताते हुए कहा कि अस्पताल में डाक्टर को दिखाने के लिए ओ.पी.डी. की पर्ची सिर्फ 10 रुपये की है, लेकिन बाहर वाहन खड़ा करने के लिए 20 रुपये वसूले जा रहे हैं। सरकार कहती थी कि हम गरीबों का मुफ्त इलाज करेंगे, लेकिन यहां तो अस्पताल की दहलीज पर पैर रखते ही जेब काटी जा रही है।
उनका का कहना है कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े-बड़े होर्डिंग तो लगा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर पार्किंग जैसे टैक्स ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है । स्थानीय लोगों का साफ कहना है कि आगामी विधानसभा चुनावों में ‘आप’ उम्मीदवारों को इस 20 रुपये की पर्ची का हिसाब देना होगा । गरीब आदमी अब इस उलझन में है कि वह दवाई ले या पार्किंग के पैसे भरे। हाजीपुर के लोगों का यह गुस्सा आने वाले समय में सत्ताधारी दल के लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad