रायपुर: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए प्रदेश के 41 जिलों में नए जिला अध्यक्षों की सूची जारी की. नई घोषणा के तहत रायपुर शहर की जिम्मेदारी पूर्व पार्षद श्रीकुमार मेनन को और रायपुर ग्रामीण की कमान अनुभवी नेता राजेंद्र पप्पू बंजारे को सौंपी गई है. इसी सूची में एक बड़ा राजनीतिक संदेश देते हुए पार्टी ने पूर्व मंत्री कवासी लखमा के बेटे हरीश लखमा को सुकमा जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है. वहीं दुर्ग शहर से पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल और ग्रामीण जिला कांग्रेस की जिम्मेदारी राकेश ठाकुर को दी गई है. यह सूची अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा अनुमोदित की गई है.
रायपुर जिले में संगठनात्मक बदलाव—कुमार मेनन शहर अध्यक्ष नियुक्त
रायपुर शहर कांग्रेस में लंबे समय से सक्रिय रहे पूर्व पार्षद श्रीकुमार शंकर मेनन को शहर जिला अध्यक्ष बनाया गया है. मेनन का राजनीतिक सफर नगर निगम स्तर से शुरू हुआ, जहां उन्होंने वार्डों में जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए मजबूत पकड़ बनाई. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाई. संगठन के विस्तार और युवा कार्यकर्ताओं को जोड़ने में भी मेनन की भूमिका अहम मानी जाती है. उनके नेतृत्व में शहर कांग्रेस के और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है.

पप्पू बंजारे के हाथों ग्रामीण कांग्रेस की कमान
रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस के नए अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे जमीनी स्तर पर सक्रिय नेता माने जाते हैं. बंजारे का राजनीतिक करियर ग्राम पंचायत से शुरू हुआ, जहां उन्होंने किसानों, मजदूरों और आदिवासी समुदाय के हितों को मजबूती से उठाया. वे ग्रामीण इलाकों में कांग्रेस के संगठन को मजबूत रखने, सामाजिक मुद्दों पर संघर्ष करने और प्रशासन तक समस्याओं को पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. बंजारे की छवि एक लोकप्रिय और मेहनती स्थानीय नेता के रूप में स्थापित है.

कवासी लखमा के बेटे हरीश लखमा सुकमा जिला अध्यक्ष
छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक फेरबदल के बीच कांग्रेस ने पूर्व मंत्री कवासी लखमा के बेटे हरीश लखमा को सुकमा जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है. पार्टी ने उन्हें यह अहम दायित्व देकर सुकमा में संगठन को मजबूत करने का संकेत दिया है.
दुर्ग जिले में भी नए चेहरे—धीरज बाकलीवाल और राकेश ठाकुर को जिम्मेदारी
दुर्ग शहर जिला अध्यक्ष के रूप में पूर्व मेयर धीरज बाकलीवाल की नियुक्ति की गई है. वहीं दुर्ग ग्रामीण में एक बार फिर राकेश ठाकुर को कमान सौंपी गई है. दोनों नेताओं को क्षेत्र में संगठन सुदृढ़ करने के लिए प्रभावशाली चेहरा माना जाता है.
कुल 41 जिलों में नई नियुक्तियां—संगठन में नई ऊर्जा का प्रयास
कांग्रेस ने इस सूची में कुल 41 जिला अध्यक्षों के नाम शामिल किए हैं. पार्टी का मानना है कि नई टीम से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों का प्रभावी तरीके से मुकाबला करने में मदद मिलेगी.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
