पंजाब के युवक की कनाडा में बेरहमी से हत्या करने की वारदात सामने आई है। मृतक की पहचान सिमरनजीत सिंह संधू (उम्र 24) निवासी गांव देवीदासपुरा जंडियाला गुरु के पास अमृतसर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, एक महीने पहलेउसकी कनाडा में गोली मारकर हत्या कर दी गई। सिमरनजीत का शव कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया राज्य के कमलूप्स शहर में एक सुनसान सड़क पर झाड़ियों से बरामद हुआ। एक महीने बाद गुरुवार को उसका शव गांव पहुंचा, जिसके बाद शुक्रवार को नम आंखों से उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, परिवार ने आरोप लगाया है कि सिमरनजीत की हत्या उसके साथ रहने वाले उसके साथियों ने की है। सिमरनजीत के पिता सुखदेव सिंह ने कहा कि सिमरनजीत के पास 10 लाख रुपये थे, जो उसने अपनी आखिरी वीडियो कॉल के दौरान दिखाए भी थे। परिवार का मानना है कि उन्हीं पैसों के लिए उसकी हत्या की गई। बताया जा रहा है कि सिमरनजीत करीब 2 महीने पहले 2 युवकों और एक लड़की के साथ नए घर में शिफ्ट हुआ था।
सिमरनजीत सिंह साल 2023 में स्टडी वीज़ा पर कनाडा गया था। उसके पिता ने बताया कि उसने अपने बेटे के अच्छे भविष्य के लिए अपनी सारी जमीन बेच दी थी। सिमरनजीत को कनाडा का वर्क परमिट मिला था और उसके पास US का 10 साल का वीजा भी था। कनाडा पुलिस ने 14 जनवरी को परिवार को बताया था कि सिमरनजीत की 12 जनवरी को हत्या कर दी गई थी।
मृतक के पिता ने भारत और कनाडा सरकार से न्याय की मांग की है। उन्होंने अपील की है कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सज़ा दी जाए और सिमरनजीत का सामान, जैसे मोबाइल, लैपटॉप और उसके बकाया पैसे परिवार को सौंप दिए जाएं। फिलहाल, लोकल पुलिस CCTV फुटेज भी देख रही है और उसके दोस्तों से पूछताछ कर रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
