पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक महिला की उसके ही ब्यूटी पार्लर में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई. वारदात को महिला के ही प्रेमी ने अंजाम दिया. हालांकि, आरोपी युवक ने भी कथित तौर पर वहीं आत्महत्या कर ली, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है.
मंगलवार दोपहर बारह बजे रूपबानी के पति अनूप कुमार दास उन्हें पार्लर के बाहर छोड़कर गए थे. फिर आधे घंटे बाद पार्लर से उनके घर पर फोन आया, जिसमें बताया गया कि अंदर किसी बात को लेकर विवाद हो रहा है. सूचना मिलते ही पति तुरंत मौके पर पहुंचे.
कश्मीरी युवक के साथ था प्रेम संबंध
शुरुआती जांच से पता चला है कि रूपबानी का एक कश्मीरी युवक के साथ प्रेम संबंध था. बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से दोनों के बीच अनबन चल रही थी. मंगलवार को महिला के पार्लर पहुंचने के कुछ ही देर बाद वह युवक भी वहां पहुंच गया. इसके बाद उसने पार्लर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई.
जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा नहीं खुला, तो उन्होंने जबरदस्ती उसे खोला. अंदर का नजारा बेहद भयावह था. रूपबानी खून से लथपथ पड़ी थीं और उनके गले पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान थे. वहीं, आरोपी युवक भी गंभीर हालत में पड़ा मिला.
युवक ने भी कर लिया सुसाइड
पुलिस के अनुसार, युवक ने महिला की हत्या करने के बाद उसी हथियार से अपना गला रेतकर आत्महत्या कर ली. हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह क्या थी, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
