बिलासपुर: शुक्रवार शाम रतनपुर थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया. कोटा रोड स्थित जुनाशहर के पास तेज गति से आ रहे दो बाइक की आमने सामने से टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल है. घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया.
तेज रफ्तार बाइक की आमने सामने से टक्कर
जानकारी मिली है कि भौरीडीह का रहने वाले मनहरण कमल पिता गणेश राम बाइक से निकला था. इसी दौरान कोटा रोड पर शिवकुमार धनुहार की बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई.
बुझ गए दो परिवारों के चिराग
हादसा इतना खतरनाक था कि मौके पर ही दोनों बाइक सवार मनहरण व शिवकुमार की मौके पर ही मौत हो गई. शिवकुमार की बाइक पर एक अन्य व्यक्ति कृष्ण कुमार धनुवार भी बैठा था जो गंभीर रूप से घायल है.
गंभीर घायल बिलासपुर रेफर
घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर पहुंचाया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल को बिलासपुर रेफर किया गया है. घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज किया और जांच कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल घटना के बाद आसपास के गांवों में शोक की लहर है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
