एयर एंबुलेंस योजना में बड़ा घोटाला? BJP ने लगाया हेराफेरी का गंभीर आरोप, सरकार से की जांच की मांग

झारखण्ड

रांची: झारखंड विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक और हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने बड़ा आरोप महागठबंधन की सरकार, राज्य सरकार की सिविल एवियशन विभाग और रेड बर्ड कंपनी पर लगाया है. चतरा में दुर्घटनाग्रस्त हुए रेड बर्ड एयर एंबुलेंस मामले को लेकर ये सवाल भाजपा ने उठाया है.

रांची से बर्न मरीज को लेकर दिल्ली जाने के क्रम में चतरा में हुए हादसे में मरीज सहित सात लोगों की मौत को दुःखद बताते हुए भाजपा विधायक और मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने पूरे इस सरकार द्वारा अनुदानित एयर एंबुलेंस योजना की गड़बड़ियों की जांच के लिए विशेष टीम गठित करने की मांग की है. वहीं हेमंत कैबिनेट में शामिल दो-दो मंत्रियों सुदिव्य कुमार सोनू और डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री की मंशा गलत नहीं थी लेकिन इसके क्रियान्वयन में कोई चूक हुई है. दोनों मंत्री ने कहा कि उसे दुरुस्त किया जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई होगी.

एयर एंबुलेंस योजना में करोड़ों की हेराफेरी- नवीन जायसवाल

भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि राज्य में कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय जनता दल के सहयोग से चल रही महागठबंधन की सरकार में कथनी और करनी में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है और झारखंड की जनता समझ चुकी है. आज एयर एंबुलेंस क्रैश के बाद जो बात हो रही है कि सब्सिडाइज रेट पर गरीबों को, आम लोगों को, मध्यवर्गीय परिवार को बेहतर इलाज के लिए सरकार सुविधा दे रही है. लेकिन दुर्भाग्य है कि बर्न मरीज के परिजनों ने एयर एम्बुलेंस संचालक द्वारा पूरा पैसा वसूलना एक बड़े घोटाला की ओर इशारा करता है.

भाजपा के मुख्य सचेतक सह विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि अगर आप एयर एंबुलेंस विभाग को देखेंगे और वहां की जांच होगी तो करोड़ों रुपए की हेराफेरी की बात सामने आएगी. जिस प्रकार से वहां बैठे पदाधिकारी षड्यंत्र के तहत पैसा वसूलने का काम कर रहे हैं. भाजपा नेता ने कहा कि चूंकि आम जनता का बहुत कम इस विभाग से पाला पड़ता है, इसलिए इसका खुलासा नहीं हो पा रहा है. मैं चाहता हूं कि इस मामले पर टीम बनाकर पूरे की जांच हो ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके. नवीन जायसवाल ने कहा कि यह मामला सदन में जरूर उठेगा क्योंकि लोगों के पैसे को एयर एंबुलेंस के अफसर और सरकार के मिली भगत से लूटने का काम हो रहा है.

योजना की प्रक्रियाधीन गड़बड़ियों को ठीक किया जाएगा- सुदिव्य कुमार

वहीं सरकार द्वारा सब्सिडी पर एंबुलेंस उपलब्ध कराए जाने की योजना में भी चंदवा, लातेहार के संजय कुमार के परिजनों से ज्यादा किराया वसूलने वाले आरोप और योजना में गड़बड़ी के आरोपों पर शहरी विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने प्रतिक्रिया दी. मंत्री ने कहा कि सरकार की और हमारे मुख्यमंत्री ने अच्छे मंशा के साथ यह योजना शुरू की गई थी लेकिन अगर उसमें कोई प्रक्रियाधीन गड़बड़ी है तो उसे ठीक किया जाएगा.

चतरा में एयर एंबुलेंस क्रैश मामले के बाद मीडिया रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि मरीज को सब्सिडाइज्ड दर पर पहले एयर एंबुलेंस नहीं मिला था. दोबारा फिर 07 लाख से अधिक रुपये लेने के बाद मरीज को लेकर दिल्ली जाने को राजी हुआ. इसके बाद से बजट सत्र के दौरान विपक्ष के निशाने पर मुख्यमंत्री एयर एंबुलेंस योजना है और भाजपा इस योजना में बड़े घोटाले का आरोप लगाकर उच्च स्तरीय जांच कमेटी बनाने की मांग तेज कर दी है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry